आज क्या बोलेंगे मुलायम, सपा की बैठक पर सबकी नजरें
शिवपाल यादव को मंत्रिमंडल और रामगोपाल यादव को समाजवादी पार्टी से निकाले जाने के बाद अब सियासी निगाहें सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव की ओर टिकी हैं।
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के लिए सोमवार का दिन बेहद महत्वपूर्ण होने जा रहा है। शिवपाल यादव को मंत्रिमंडल और रामगोपाल यादव को समाजवादी पार्टी से निकाले जाने के बाद अब सियासी निगाहें सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव की ओर टिकी हैं।

रविवार को अपने परिवार में मचे घमासान के बाद मुलायम ने आज सपा मुख्यालय पर एक बड़ी बैठक बुलाई है। इस बैठक में पार्टी के सभी विधायक, एमएलसी और मंत्रियों को बुलाया गया है। बैठक की अध्यक्षता खुद मुलायम करेंगे।
बैठक में पार्टी, सरकार, अखिलेश यादव, शिवपाल यादव और रामगोपाल यादव को लेकर बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।
यूपी के सबसे बड़े सियासी परिवार में चल रहे इस संग्राम पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
इससे पहले रविवार शाम को मुलायम ने अपने आवास पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। बैठक के बाद मुलायम ने पत्रकारों से कहा कि आज कुछ नहीं बोलेंगे, कल बोलेंगे।
गौरतलब है कि रविवार को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ताबडतोड़ फैसले लेते हुए कैबिनेट मंत्री और अपने चाचा शिवपाल यादव व उनके करीबी 3 मंत्रियों को मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया था।
इसके साथ ही अमर सिंह की करीबी जयाप्रदा को भी उत्तर प्रदेश फिल्म विकास परिषद के उपाध्यक्ष पद से हटा दिया गया। उन्हें राज्यमंत्री का दर्जा मिला हुआ था।
बदले में शिवपाल यादव ने मुलायम सिंह यादव के फैसले का हवाला देते हुए सपा सांसद रामगोपाल यादव को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया। शिवपाल ने रामगोपाल पर भाजपा से मिले होने का भी आरोप लगाया।












Click it and Unblock the Notifications