यूपी के 'लाल' ने गरीबों के लिए दान कर दी 600 करोड़ की संपत्ति, अपने पास रखा सिर्फ एक घर
नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के उद्योगपति डॉ. अरविंद कुमार गोयल इन दिनों सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। इसकी वजह है उनकी संपत्ति। उन्होंने अपनी पूरी संपत्ति गरीबों के लिए दान कर दी, जो करीब 600 करोड़ रुपये की है। इससे पहले कोरोना काल में उन्होंने मुरादाबाद के 50 से ज्यादा गांवों को गोद लिया था। उनके बेहतरीन कार्यों के लिए चार बार राष्ट्रपति उन्हें सम्मानित कर चुके हैं।

50 साल की मेहनत दान
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक डॉ. गोयल काफी लंबे वक्त से गरीबों की मदद कर रहे हैं। अब उन्होंने लोगों के कल्याण के लिए पूरी संपत्ति ही दान कर दी। ये दान उन्होंने सीधे उत्तर प्रदेश सरकार को दिया है, ताकि उससे गरीबों को फायदा पहुंचाया जा सके। पूरी संपत्ति की कीमत 600 करोड़ रुपये के पास है। इसको बनाने के लिए उन्होंने 50 साल से ज्यादा वक्त तक कड़ी मेहनत की थी।

परिवार का क्या रिएक्शन?
खास बात ये है कि डॉ. गोयल का परिवार उनके इस फैसले का समर्थन कर रहा है। अपनी संपत्ति दान करने के बाद उन्होंने कहा कि करीब 25 साल पहले ही उन्होंने ये फैसला ले लिया था, बस पूरा अब किया है। वो एक बार दिसंबर के महीने में ट्रेन से जा रहे थे। तभी उनको एक आदमी दिखा, जो ठंड से ठिठुर रहा था। उसके पास कुछ भी नहीं था। उन्होंने उसे अपने जूते दे दिए, लेकिन ठंड इतनी ज्यादा थी कि उनकी हालत खराब होने लगी। उसी दिन उन्होंने ठान लिया था कि वो गरीबों की मदद करेंगे।

100 से ज्यादा संस्थानों में ट्रस्टी
गोयल ने लोगों के कल्याण के लिए पिछले एक दशक में बहुत से काम किए। इस वजह से आज वो 100 से ज्यादा शिक्षण संस्थान, वृद्धा आश्रम और अस्पताल में ट्रस्टी हैं। ये ट्रस्ट सिर्फ यूपी में ही नहीं बल्कि राजस्थान, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में हैं। जब कोरोना महामारी पूरे देश में फैली, तो गोयल ने मुरादाबाद के 50 गांवों को गोद लेकर लोगों को मुफ्त खाना, दवाएं और अन्य जरूरी चीजें उपलब्ध करवाईं।

सिर्फ कोठी रखी अपने पास
वहीं गोयल ने मुरादाबाद सिविल लाइंस स्थित कोठी को छोड़कर सब कुछ दान कर दिया है। उनकी संपत्ति को सही दाम पर बेचने के लिए एक कमेटी बनाई जाएगी, जिसमें 5 लोग होंगे। इसमें से 3 को गोयल नियुक्त करेंगे, जबकि बाकी दो सदस्यों को सरकार चुनेगी। इसके बाद संपत्ति को बेचा जाएगा और जो पैसा मिलेगा, उससे गरीबों का कल्याण किया जाएगा। डॉ. गोयल के मुताबिक उनकी पत्नी रेनू, दो बेटे और एक बेटी ने इस फैसले पर खुशी जताई है।












Click it and Unblock the Notifications