मोगली गर्ल को देखने के लिए मारामारी, भीड़ देख सहम जाती है वो
बहराइच के जिला अस्पताल में मोगली गर्ल को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है और इससे अन्य मरीजों व परिजनों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
बहराइच। भइया सरकारी अस्पताल यही है न। तो उ जंगल वाली लड़की कहां भर्ती है। ये आवाजें सुबह से जिला अस्पताल में गूंज रही है। गूंजे भी क्यों न, क्योंकि अब बहराइच शहर ही नहीं पूरे उत्तर प्रदेश में ये चर्चाएं गूंज रही है कि बहराइच के जिला अस्पताल में मोगली गर्ल भर्ती हूई है जिसे देखने के लिए लोगों का तांता लगा हुआ है।

मोगली गर्ल को देखने के लिए जुटी भीड़
अचानक दो दिनों से बहुचर्चित हुई जंगल से आई मोगली गर्ल को देखने के लिए जिला अस्पताल में लोगों का हुजूम उमड़ा हुआ है। जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में मोगली गर्ल की झलक पाने के लिए ऐसी भीड़ उमड़ी कि मरीज, तीमारदार और चिकित्सक सब बेचैन हो उठे। महिलाओं और पुरुषों के साथ बच्चे भी मोगली गर्ल को देखने के लिए पहुंचे और उसकी एक-एक हरकत को इस तरह देखते रहे जैसे पहली बार देखने को मिले हों।

भीड़ देख सहम उठती है मोगली गर्ल
आम बच्चों की तरह दिखने वाली ‘मोगली गर्ल' इंसानी भीड़ को देखकर सहम उठती है। कौतूहल भरी नजरों से भीड़ को देखते हुए खुद को कंबल ओढ़ छुपाने की कोशिश करती है। प्यार, दुलार और पुचकार उस पर वो असर नहीं छोड़ पा रहे है जैसे आम बच्चों के साथ घरों में देखने को मिलता है। लाख जतन के बाद भी खाना वो जंगली जानवरों की तरह ही बेड पर फैलाकर खाती है। जुबां से कोई शब्द नहीं निकल पा रहे हैं।

लगाई गई सिक्योरिटी
जिला अस्पताल में मोगली गर्ल को देखने के लिए भीड़ बढ़ती जा रही है। अब अस्पताल के कर्मचारी इसे रोकने में नाकामयाब साबित हो रहे हैं। लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए सीएमएस डा0 डी0 के सिंह ने आइसोलेशन वार्ड के गेट पर एक सिक्योरिटी गार्ड की ड्यूटी लगा दी है। जिससे वार्ड में भीड़ न हो सके और वहां भर्ती मरीजों को किसी भी प्रकार की कोई समस्या न हो।
साहब एक झलक दिखाय देव
जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड के गेट को अब बंद कर दिया गया है। क्योंकि मोगली को देखने के लिए भीड़ काफी एकत्रित हो चुकी थी। तभी भीड़ से तेज सुर में आवाज आती है कि वो साहब उ मोगली बिटिया कैय एक झलक दिखाए देव, बहुत दूर से आए हैं।












Click it and Unblock the Notifications