शहीद अजयपाल के परिवार को विधायक अदिति सिंह ने दिए 5 लाख
शहीद के परिवार के साथ दुःख साझा करते हुए सुश्री अदिति सिंह ने कहा वह हमेशा शहीद अजयपाल सिंह के परिवार के साथ हैं। उन्हें कभी भी किसी प्रकार की समस्या नहीं होने दी जायेगी।
रायबरेली। उत्तर प्रदेश में रायबरेली सदर विधायक अदिति सिंह सोमवार को दोपहर 12 बजे शहीद अजयपाल सिंह उर्फ़ कुलदीप सिंह के घर पहुंची। इस दौरान उन्होंने शहीद के परिवार को ढांढस बंधाते हुए 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। शहीद के परिवार के साथ दुःख साझा करते हुए सुश्री अदिति सिंह ने कहा वह हमेशा शहीद अजयपाल सिंह के परिवार के साथ हैं। उन्हें कभी भी किसी प्रकार की समस्या नहीं होने दी जायेगी।

सुश्री अदिति सिंह ने कहा कि जिले की मिटटी के लाल के जाने का गम हम सबको है लेकिन शहीद अजयपाल सिंह ने देश के लिए शहीद होकर जिले का मान बढ़ाया है। सुश्री अदिति सिंह ने कहा कि भारत माँ के लिए प्राणों को न्यौछावर करने वाले शहीद अजयपाल सिंह को मेरा शत-शत नमन है। उनकी शहादत हमारे लिए प्रेरणा है। उनका नाम इतिहास के पन्नों में अमर हो गया है।
सुश्री अदिति सिंह ने कहा कि रायबरेली सदैव से त्याग और बलिदान की धरती रही है। उन्हे इस बात का गर्व है कि वह ऐसे क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करती हैं, जहाँ शहीद अजयपाल सिंह जैसे वीर सपूत जन्म लेते हैं। आज से शहीद अजयपाल सिंह के परिवार की जिम्मेदारी मेरी है और मैं जो कुछ संभव हो पाएगा, वह करूंगी।
इस दौरान अदिति सिंह ने शहीद के परिवार को 5 लाख रुपये का चेक सौंपा। बता दें कि जिले के भदोखर थाने के फत्तेपुर मजरे सराय मोहम्मद शरीफ गाँव के राजपूताना रेजिमेंट के जांबाज वीर सपूत अजयपाल सिंह उर्फ़ कुलदीप सिंह बीते 7 सितम्बर को जम्मू के अखनूर सेक्टर में आतंकियों से मुठभेड़ में शहीद हो गए थे।












Click it and Unblock the Notifications