कांग्रेस अध्यक्ष बनने जा रहे राहुल गांधी पर बीजेपी मंत्री ने अमेठी जाकर मढ़ा आरोप
स्वामी प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस पार्टी पर तो आरोप लगाए ही राहुल गांधी पर अमेठी की जनता से विश्वासघात करने का इतना बड़ा आरोप लगा दिया कि इसी की चर्चा होने लगी है।
अमेठी। निकाय चुनाव प्रचार के अंतिम दिन योगी सरकार के मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य यहां कांग्रेस और राहुल पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि अमेठी सांसद को अमेठी के लोगों की चिंता नहीं है, वे लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं कैबिनेट मंत्री ने कांग्रेस को बड़े घोटाले वाली पार्टी बताया। अमेठी के गौरीगंज में कई नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने आवास विकास राज्य मंत्री सुरेश पासी के साथ मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूणतया भ्रष्टाचार में लिप्त है। कांग्रेस नेता बड़े-बड़े घोटाले कर रहे थे, जिससे जनता को सबक लेना चाहिए और देश व प्रदेश में इसका खात्मा करना चाहिए। उन्होंने राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के राफेल घोटाले पर भाजपा के ऊपर लगाए आरोप का पलटवार करते हुए कहा कि 'कांग्रेस नेता अपने भ्रष्टाचार वाले घोटाले को छुपाने के लिए भाजपा पर बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं।'

स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि 'आज हर घर में गैस है तो वो भाजपा की देन है, लोगों के पास रहने के लिए मकान है तो वो भाजपा की देन है, महिला सुरक्षित हैं तो भाजपा की देन है। सपा पर आक्रामक रुख दिखाते हुए उन्होंने कहा कि सपा गुंडों और अराजक तत्वों की पार्टी है।

सपा के राज में कानून अंधा, बहरा, गूंगा था
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री के कार्यकाल में महिलाएं, बहन, बेटियां सुरक्षित नहीं थीं। जनता में भय का वातावरण बना रहता था। अपराधियों को गिरफ्तार करने की पुलिस हिम्मत नहीं जुटा पाती थी। उन्होंने कहा कि सपा के राज में कानून अंधा था, बहरा था, गूंगा था। उन्होंने कहा कि आज भाजपा सरकार में जनता में अमन चैन का माहौल है, जनता अपने आप को सुरक्षित महसूस कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications