Mini Stadium in UP: हर विधानसभा में स्टेडियम, हर मंडल में स्पोर्ट्स कॉलेज, यूपी सरकार का बड़ा प्लान
Mini Stadium in UP: उत्तर प्रदेश में खेल जगत को लेकर एक नई शुरुआत होने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने राज्य के युवाओं को विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं देने की दिशा में कदम बढ़ाया है। अब हर विधानसभा में मिनी स्टेडियम और हर मंगल में स्पोर्ट्स कॉलेज खोले जायेंगे।
इन स्पोर्ट्स कॉलेजों को सिर्फ शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' के रूप में विकसित किया जाएगा। इन्हें राज्य की स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी से जोड़ा जाएगा, ताकि खिलाड़ियों को वह प्लेटफॉर्म मिल सके, जहां से वे खेलों में देश का नाम रोशन कर सकें।

खेलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ मुख्यमंत्री ने पारदर्शिता और समयबद्ध कार्यों पर खास ज़ोर दिया है। उन्होंने निर्देश दिया है कि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण हो और उच्च स्तर पर इसकी नियमित निगरानी की जाए। हर 15 दिन में प्रमुख सचिव और हर हफ्ते वरिष्ठ अधिकारी इसकी समीक्षा करेंगे।
गांव से लेकर राजधानी तक खेलों से जुड़ेगा युवा
बताया जा रहा है कि सरकार की रणनीति यह भी है कि खेलों को केवल शहरी बच्चों तक सीमित न रखा जाए। ग्राम पंचायत स्तर से लेकर राज्य स्तर तक की सभी खेल प्रतियोगिताओं को अब एकीकृत ढांचे के तहत जोड़ा जाएगा।
हर जिले में हर आयु वर्ग के लिए खेल आयोजन होंगे, जिससे छिपी हुई प्रतिभाओं को खोजा जा सके। एमपी-एमएलए स्पोर्ट्स गेम्स जैसे आयोजनों से भी युवाओं को जोड़ा जाएगा, ताकि उन्हें आगे बढ़ने का एक ठोस मंच मिले।
खिलाड़ियों के लिए आधुनिक इलाज का इंतज़ाम
लखनऊ के गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में जल्द ही स्पोर्ट्स एंड इंजरी मैनेजमेंट सेंटर की स्थापना की जाएगी। इस सेंटर में KGMU और SGPGI जैसे मेडिकल संस्थानों की मदद ली जाएगी, जिससे खिलाड़ियों को चोटों से उबरने में बेहतर और वैज्ञानिक सहयोग मिल सकेगा।
इसके अलावा, खेल और युवा कल्याण विभाग के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया तुरंत शुरू करने का आदेश भी दिया गया है। इससे योजनाओं को तेजी से लागू करने में मदद मिलेगी और आनेव वाले दिनों में जमीनी स्तर पर सुधार दिखेगा।
मुख्यमंत्री ने प्रांतीय रक्षक दल (PRD) और मंगल दलों की भूमिकाओं को भी विस्तार देने की बात कही है। इन जवानों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण देकर आपदा मित्र बनाया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें ट्रैफिक कंट्रोल जैसी जिम्मेदारियां भी दी जाएंगी।
मंगल दलों को मिलने वाली खेल किट की निगरानी भी सख्ती से की जाएगी और उनकी सक्रिय भागीदारी एमपी-एमएलए स्पोर्ट्स गेम्स में सुनिश्चित कराई जाएगी। इससे युवाओं का आत्मबल बढ़ेगा और सरकारी योजनाओं में उनकी भागीदारी भी बढ़ेगी।
स्कूलों में किताबों से आगे बढ़ेगी शिक्षा
बच्चों की शिक्षा को लेकर भी योगी सरकार सख्त है। सरकार अब प्राथमिक स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था में बदलाव करने जा रही है। अब बच्चों की पढ़ाई केवल किताबों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि खेलकूद, कला और रचनात्मक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
इसके लिए सरकार द्वारा पहले चरण में एक करोड़ रुपये की धनराशि जारी की जा चुकी है। यह रकम कुल निर्धारित दो करोड़ के बजट का हिस्सा है, जो प्राथमिक स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए खर्च की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications