मेरठ हत्याकांड: कौन रखेगा सौरभ-मुस्कान की 6 साल की बेटी को? दोनों परिवारों में कस्टडी पर विवाद, दे रहे धमकी
Meerut Saurabh Rajput Death Case: मेरठ के पूर्व नौसेना अधिकारी सौरभ राजपूत हत्याकांड की गुत्थी तो सुलझ चुकी है। जल्द ही मेरठ पुलिस इस केस की चार्जशीट कोर्ट में जमा कर देगी। लेकिन इस हाई प्रोफाइल केस में अब सौरभ राजपूत और मुस्कान रस्तोगी की छह साल की बेटी की कस्टडी को लेकर विवाद हो रहा है। मुस्कान ने अपने प्रेमी साहिल शुक्ला के साथ मिलकर अपने पति सौरभ राजपूत की 3 मार्च को बेरहमी से हत्या की है। फिलहाल दोनों मेरठ की जेल में बंद हैं।
अब सौरभ राजपूत और आरोपी पत्नी मुस्कान रस्तोगी के परिवारों के बीच बेटी पीहू की कस्टडी को लेकर लड़ाई तेज हो गई है। छह साल की पीहू का भविष्य अनिश्चित दिख रहा है,...क्योंकि सौरभ राजपूत और उसकी आरोपी मां मुस्कान रस्तोगी के परिवारों के बीच उसको अपने पास रखने को लेकर विवाद जारी है। फिलहाल पीहू मुस्कान के माता-पिता यानी अपने नाना-नानी के साथ रह रही है। वहीं सौरभ का छोटा भाई यानी पीहू के चाचा कस्टडी के लिए कोर्ट में जाने की धमकी दे रहे हैं।

मुस्कान रस्तोगी के परिवार ने पुलिस से मदद मांगी है ताकि पीहू की कस्टडी उन्हें मिल सके। हालांकि सौरभ के बड़े भाई राहुल उर्फ बबलू राजपूत ने भी इसी तरह की मांग की है। राहुल ने कहा, "मेरा एक बेटा है, लेकिन कोई बेटी नहीं है। मैं सौरभ की बेटी को अपनी बेटी की तरह पाल कर बहुत खुश होऊंगा।"मुस्कान के पिता प्रमोद रस्तोगी ने कहा कि लड़की सौरभ के परिवार वालों को उसके हत्यारे की याद दिला सकती है और वे उससे नाराज हो सकते हैं।
'हमें सौरभ की संपत्ति से कोई लेना-देना नहीं, बस पीहू को अलग नहीं होने देंगे'
मुस्कान के पिता प्रमोद रस्तोगी ने कहा है,
''हमें सौरभ की संपत्ति, उसके बैंक में पड़े पैसों से कोई लेना-देना नहीं हैं। मैं ये बात किसी पेपर पर लिखकर देने को तैयार हूं लेकिन हम अपनी नातीन पीहू को अपने से अलग नहीं होंने देंगे। उन्हें पीहू में सौरभ कम और मुस्कान ज्यादा दिखेगी...मैं आपको इस बात की गारंटी दे सकता हूं कि वो पीहू के साथ भेदभाव करेंगे और उसके अच्छे से पालन-पोषण नहीं करेंगे। जब तक सौरभ जिंदा था...तब तो उन्होंने पीहू की कभी खोज-खबर नहीं ली है। तो अब क्यों बैचेनी हो रही है।''
मुस्कान के माता-पिता ने आरोप लगाया कि सौरभ का परिवार पीहू के हिस्से की जमीन के लिए उसकी की मांग कर रहा है। हम पीहू को पहले से ही अपने पास रखे हुए हैं और उसकी अच्छी परवरिश भी करेंगे। हम ये जिम्मेदारी उठा सकते हैं।
सौरभ राजपूत के भाई ने बोले- मेरी बेटी नहीं है, मैं उसको पाल सकता हूं
दूसरी ओर सौरभ राजपूत के भाई रोहित उर्फ बबलू का कहना है कि उनकी कोई बेटी नहीं है...इसलिए वो पीहू का अच्छे से ध्यान रख सकते हैं और पालन-पोषण कर सकते हैं। उनका कहना है कि वो हमारे परिवार में रहेगी तो हमें सौरभ की कमी महसूस नहीं होगी।
दैनिक भास्कर से बात करते हुए सौरभ के भाई ने कहा,
''जब मेरा भाई आखिरी बार लंदन जा रहा था...तभी उसे अंदाजा हो गया था। उसने जाने से पहले मेरे से पूछा था कि अगर मुझे कुछ हो गया तो मेरी बेटी पीहू का ध्यान रख लोगे ना? सौरभ की बातें सुनकर उस वक्त मैं हैरान हो गया था कि वो ऐसा क्यों कह रहा है...लेकिन अब समझ में आया कि आखिर पूरी बात क्या थी। मैंने उस वक्त भी उससे कहा था कि मैं पीहू का ध्यान रखूंगा।''
सौरभ राजपूत के परिवार ने कहा है कि अगर मुस्कान के माता-पिता पीहू को हमें नहीं देंगे तो हमारे पास कोर्ट जाने के अलावा और कोई रास्ता नहीं होगा। हम पीहू की कस्टडी के लिए कोर्ट में याचिका डालेंगे।












Click it and Unblock the Notifications