प्रेमी की मरी हुई मां बनकर बात करती थी मुस्कान! मेरठ हत्याकांड के 5 चौंकाने वाले खुलासे, जानकर हो जाएंगे दंग
Meerut Murder Case News: उत्तर प्रदेश के मेरठ से हैरान कर देने वाली हत्या का मामला सामने आया है। मेरठ पुलिस के मुताबिक 28 साल की मुस्कान रस्तोगी ने अपने प्रेम साहिल शुक्ला के साथ मिलकर 03 मार्च 2025 की रात अपने पति सौरभ राजपूत की हत्या कर दी थी। उसके बाद शव को एक ड्रम में डालकर उसमें कंक्रीट भर दिया गया था। इस हत्या के बाद मुस्कान और साहिल दोनों शिमला घुमने चले गए थे।
29 साल के सौरभ राजपूत लंदन में काम करते थे और पिछले महीने फरवरी 2025 में वापस लौटे थे। सौरभ मर्चेंट नेवी के पूर्व कर्मचारी भी थे। सौरभ के परिवार वालों ने मेरठ पुलिस में उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके बाद पुलिस ने जांच की तो उन्हें वो ड्रम मिला, जिसमें सौरभ के शव को डाला गया था।

पुलिस ने कटर से ड्रम काटकर शव को बाहर निकाला। फिलहाल पुलिस ने मुस्कान और साहिल को जेल भेज दिया। अब इस जघन्य अपराध की हैरान करने वाली जानकारियां सामने आने लगीं हैं। इस लेख में हम आपको मेरठ हत्याकांड 5 चौंकाने वाले खुलासे बताने जा रहे हैं।
प्रेमी साहिल की मरी हुई मां बनकर चैटिंग करती थी मुस्कान!
मेरठ के ब्रह्मपुरी क्षेत्र में हुई सौरभ की हत्या के बाद पुलिस ने जब पत्नी मुस्कान और प्रेमी साहिल से पूछताछ की तो एक चौंकाने वाला सच सामने आया है। मुस्कान और साहिल कई महीनों से मिलकर सौरभ की हत्या की प्लानिंग कर रहे थे। मुस्कान साहिल की मरी हुई मां बनकर उसके साथ स्नैपचैट पर चैटिंग करती थी। वह चैटिंग में साहिल को यकीन दिलाती थी कि उसके ही हाथों सौरभ का वध होना लिखा है। इसके बाद ही साहिल और मुस्कान की जिंदगी अच्छे से गुजर सकती है। पुलिस के मुताबिक पत्नी मुस्कान ने स्नैप चैट पर एक फर्जी आईडी बनाकर ये काम किया था।

काला जादू से भी जुड़े हैं मेरठ हत्याकांड के तार!
मेरठ हत्याकांड के तार काला जादू से भी जुड़े हैं। पुलिस को शक है कि आरोपी साहिल शुक्ला तंत्र-मंत्र और काला जादू जैसी चीजों में भी शामिल था। साहिल के कमरे की सामने आई वीडियो में दीवारों पर काला जादू जैसी चीजें दिख रही हैं। उसके कमरे से गांजा, शैतान की फोटो जैसी चीजें मिली हैं।
सौरभ की 5 साल की बेटी बोली- 'पापा ड्रम में हैं...'
सौरभ और मुस्कान की एक पांच साल की बेटी है। सौरभ की मां ने दावा किया कि उनकी पांच वर्षीय पोती को पता था कि कुछ गड़बड़ है क्योंकि उसने पड़ोसियों से कहा था कि उसके पिता ड्रम के अंदर हैं। सौरभ और मुस्कान की बेटी ने पड़ोसियों से कहा था, "पापा ड्रम में हैं"
सौरभ की मां ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया, "उसे (सौरभ और मुस्कान की बेटी) इस बारे में पता हो सकता है, क्योंकि पड़ोसियों ने हमें बताया कि उसने (सौरभ और मुस्कान की बेटी) कहा कि 'पापा को ड्रम में रखा गया है'... ऐसा बताया था। उसने (बेटी) शायद कुछ देखा होगा, तभी वह ऐसा कह रही है।''
मेरठ पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में पता चला कि साहिल ने मुस्कान के साथ मिलकर सौरभ की हत्या की। उसके बाद शव का सिर, दोनों हाथों की हथेलियां काट कर एक ड्रम में डालकर उसे सीमेंट के घोल से भर दिया गया था। उसके बाद दोनों शिमला, मनाली और कसौली घूमने चले गए थे। सौरभ के शरीर के 15 टुकड़े किए गए थे।

'मुस्कान के परिवार को पहले से सबकुछ पता था'
सौरभ की मां ने यह भी आरोप लगाया कि मुस्कान के परिवार को पूरी घटना के बारे में पता था। उन्होंने पुलिस से संपर्क करने से पहले एक वकील से सलाह ली थी कि उनकी बेटी ने सौरभ की हत्या कर दी है। सौरभ की मां ने एएनआई को बताया, "उन्होंने पुलिस को सूचित किया... जैसे ही पुलिस आई, जब तक वह (मुस्कान) अपनी मां के घर पहुंची और उन्हें बताया... उसकी मां को पहले से ही सब कुछ पता था... लेकिन चीजों को गुमराह करने के लिए, उसने (मुस्कान की मां) कहा कि वह (मुस्कान) उन्हें यह बताने के लिए उनके पास पहुंची थी कि उसने उसे (सौरभ को) मार दिया है... उसकी (मुस्कान) मां ने किसी वकील से मुलाकात की और अदालत पहुंच गई। बाद में, पुलिस आई और (मुस्कान के) परिवार को अपने साथ ले गई... उन सभी (मुस्कान के परिवार) को उस लड़के (साहिल) के साथ फांसी पर लटका दिया जाना चाहिए।''
हत्या से पहले सौरभ को दी गई थी खाने में बेहोशी की दवाइयां!
सौरभ की हत्या के लिए साहिल और मुस्कान ने पहले ही सारी योजनाएं बना ली थीं। पूछताछ में ये भी सामने आया है कि 3-4 मार्च की रात मुस्कान ने सौरभ के खाने में बेहोशी की दवाइयां मिलाकर दी थीं। खाना खाते-खाते जब सौरभ बेहोश होने लगा तो साहिल ने सौरभ का हाथ पकड़ा और मुस्कान ने चाकू से कई वार किए।
उसके बाद शव को बाथरूम में ले जाकर टुकड़े किए गए। सबूत मिटाने के लिए कमरे को ब्लीचिंग पाउडर से धोया गया था। उसके बाद 4 मार्च को मुस्कान बाजार से ड्रम और सीमेंट खरीद कर लेकर आई और सौरभ के शव के टुकड़े को ड्रम में भरा। सौरभ और साहिल ने अपना अपराध कबूल कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications