अखिलेश के बयान पर भड़की मायावती, बोलीं- 'जो सीएम बनने का खुद का सपना पूरा नहीं करे सके, वो...'
अखिलेश के बयान पर भड़की मायावती, बोलीं- 'जो सीएम बनने का खुद का सपना पूरा नहीं करे सके, वो...'
लखनऊ, 29 अप्रैल: बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने हाल ही में पीएम बनने की इच्छा जाहिर की थी। जिसपर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा था कि वे भी यही चाहते थे कि मायावती पीएम बनें। अखिलेश के इस बयान पर मायावती अब भड़क गईं और जवाब देते हुए कहा कि, 'जो अपना सीएम बनने का सपना पूरा नहीं कर सके हैं, वो दूसरों को पीएम बनाने का सपना कैसे पूरा कर सकते हैं।'

जो अपना सपना पूरा नहीं कर सकता, वो दूसरे का कैसे करेगा?
बीएसपी चीफ मायावती ने शुक्रवार 29 अप्रैल को एक के बाद एक तीन ट्वीट किए हैं। मायावती ने ट्वीट करते हुए लिखा,
सपा मुखिया यूपी में मुस्लिम व यादव समाज का पूरा वोट लेकर तथा कई-कई पार्टियों से गठबन्धन करके भी जब अपना सीएम बनने का सपना पूरा नहीं कर सके हैं, तो फिर वो दूसरों का पीएम बनने का सपना कैसे पूरा कर सकते हैं?
मैं राष्ट्रपति कतई भी नहीं बन सकती हूं: मायावती
इसके साथ ही, जो पिछले हुए लोकसभा आमचुनाव में बीएसपी से गठबन्धन करके भी, यहां खुद 5 सीटें ही जीत सके हैं, तो फिर वो बीएसपी की मुखिया को कैसे पीएम बना पायेंगे? अतः इनको ऐसे बचकाने बयान देना बन्द करना चाहिये। साथ ही, मैं आगे सीएम व पीएम बनूं या ना बनूं, लेकिन मैं अपने कमजोर व उपेक्षित वर्गों के हितों में देश का राष्ट्रपति कतई भी नहीं बन सकती हूं। अतः अब यूपी में सपा का सीएम बनने का सपना कभी भी पूरा नहीं हो सकता है।
क्या कहा था अखिलेश यादव ने
हाल ही में मायावती ने पीएम बनने की इच्छा जाहिर की थी। मायावती के पीएम बनने की इच्छा जाहिर करने के बाद लखनऊ में आयोजित एक इफ्तार पार्टी में पत्रकारों द्वारा अखिलेश यादव से सवाल पूछा गया था। जिसके जवाब में अखिलेश ने कहा, 'मैं इससे (बयान) से खुश हूं। मैं भी यही चाहता था कि मायावती पीएम बनें। इसलिए 2019 लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी ने बीएसपी के साथ गठबंधन किया था। अखिलेश ने कहा कि अगर उनका गठबंधन जारी रहता, तो बसपा और डॉ भीम राव अंबेडकर के अनुयायियों ने देखा होता कि कौन प्रधानमंत्री बनता।
दो दिन पहले शुरू हुआ था ये विवाद
दरअसल, मायावती और अखिलेश के बीच इस पूरे विवाद की शुरुआत दो दिन पहले हुई थी। जब अखिलेश यादव ने एक कार्यक्रम में कहा था कि बीजेपी ने बसपा का वोट तो हासिल कर लिया, क्या अब बीजेपी मायावती को राष्ट्रपति बनाएगी। अखिलेश के इस बयान पर मायावती ने पलटवार करते हुए कहा, वे यूपी का सीएम या देश का प्रधानमंत्री बनने का सपना देख सकती हैं, लेकिन राष्ट्रपति बनने का नहीं। मायावती ने कहा था, सपा मुझे राष्ट्रपति बनाने का सपना देख रही है, ताकि यूपी सीएम पद के रास्ते से मैं हट जाऊं।












Click it and Unblock the Notifications