'दलित, ओबीसी और मुस्लिम सपा से रहें सावधान', मायावती ने की अपील, दिवंगत मुलायम सिंह पर भी उठाया सवाल
Mayawati: मायावती ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री बनने के बाद भी मुलायम सिंह यादव की मंशा साफ नहीं थी बल्कि बसपा को बदनाम करने और दलितों पर अत्याचार जारी रखने की थी।

Mayawati Attack Samajwadi Party: बहुजन समाजवादी पार्टी की मुखिया मायावती ने आज सिलसिलेवार ट्वीट कर समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दलित, ओबीसी और मुस्लिम समुदायों को समाजवादी पार्टी से सावधान रहने के लिए कहा। उन्होंने इस दौरान दिवंगत मुलायम सिंह यादव की नीयत पर भी सवाल उठाया।
अनर्गल मुद्दों की राजनीति करना सपा का स्वभाव
मायावती (Mayawati) ने पहला ट्वीट करते हुए लिखा कि सपा प्रमुख की मौजूदगी में 'मिले मुलायम-कांशीराम, हवा में उड़ गए जय श्रीराम' नारे को लेकर रामचरित मानस विवाद वाले सपा नेता पर मुकदमा होने की खबर आज सुर्खियों में है। वास्तव में यूपी के विकास व जनहित के बजाय जातिवादी द्वेष एवं अनर्गल मुद्दों की राजनीति करना सपा का स्वभाव रहा है।
मुलायम सिंह की नीयत पाक साफ नहीं थी
मायावती (Mayawati) ने कहा कि यह हकीकत लोगों के सामने बराबर आती रही है कि सन 1993 में कांशीराम जी ने सपा-बसपा गठबंधन मिशनरी भावना के तहत बनाई थी, किंतु मुलायम सिंह यादव के गठबंधन का सीएम बनने के बावजूद उनकी नीयत पाक-साफ न होकर बसपा को बदनाम करने व दलित उत्पीड़न को जारी रखने की रही।
उस समय सपा ने नारेबाजी कर बसपा को बदनाम किया
मायावती ने कहा कि उस दौरान अयोध्या, श्रीराम मंदिर व अपरकास्ट समाज आदि से सम्बंधित जिन नारों को प्रचारित किया गया था वे बीएसपी को बदनाम करने की सपा की शरारत व सोची-समझी साजिश थी। अतः सपा की ऐसी हरकतों से खासकर दलितों, अन्य पिछड़ों व मुस्लिम समाज को सावधान रहने की सख्त जरूरत।












Click it and Unblock the Notifications