Eid-ul-Fitr 2025: 31 मार्च को मनाई जाएगी ईद, भारत में हुआ चांद का दीदार, जानिए क्या बोले रशीद फिरंगी महली
Eid-ul-Fitr 2025: भारत में आज यानी रविवार 30 मार्च को चांद का दीदार हो गया है। चांद दिखाई देने के बाद ईद 31 मार्च दिन सोमवार को मनाई जाएगी। देर शाम चांद दिखने की पुष्टि लखनऊ ईदगाह इमाम मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली ने की है। चांद के दीदार होने के बाद मुस्लिम समाज के लोग खरीदारी करने में जुट गए हैं।
चांद का दीदार होने के बाद लखनऊ ईदगाह इमाम मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली ने कहा, 'आज यानी 30 मार्च को चांद दिख गया है और ईद-उल-फितर 31 मार्च को मनाई जाएगी। लखनऊ ईदगाह में सुबह 10 बजे नमाज अदा की जाएगी।' इस दौरान रशीद फिरंगी महली ने देश वासियों को ईद की मुबारक बाद भी दी।

इस दौरान मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली ने बताया कि ईद को लेकर इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया ने एक एडवाइजरी जारी की है। इस एडवाइजरी में मुस्लिम समुदाय से अपील की गई है कि वे सड़कों पर नमाज न पढ़ें। ईदगाह के अंदर ही नमाज अदा करें। नमाज के बाद, अपने देश की सुरक्षा और शांति के लिए दुआ करें।
आपको बता दें कि देशभर की अलग-अलग मस्जिदों और ईदगाहों में बड़ी तादाद में लोग ईद की नमाज अदा करेंगे। ईद की नमाज के बाद एक-दूसरे को गले लगाएंगे, जिसके बाद परंपरागत पकवानों और मिठाइयों का दौर भी शुरू होगा। कई जगहों पर ईद के दिन विशेष मेले भी लगाए जाते हैं, जहां लोग खरीदारी करते हैं और एक-दूसरे को गले लगाकर बधाइयां देते हैं।
ईद-उल-फितर का यह त्योहार दुनिया भर में धूमधाम से मनाया जाता है। इस दिन मुस्लिम घरों में लोग नए कपड़े पहनते हैं और घर पर सेवइयां बनाई जाती हैं। कहा जाता है कि रमजान के माह में रोज रखने और इबादत करने के बाद अल्लाह की तरफ से ईद का दिन इनाम के तौर पर दिया गया है। ईद के पहले दिन देश भर के बाजारों में लोग ईद की खरीददारी करते दिखाई दिए।












Click it and Unblock the Notifications