UP SBSP: ओपी राजभर के शामिल होने के बाद अब NDA विधायक हुए अब्बास अंसारी, जेल में बंद है माफिया मुख्तार का बेटा
Mafia Mukhtar Ansari Son Abbas Ansari: लोकसभा चुनाव 2024 से पहले जहां विपक्षी दल एक साथ आकर बीजेपी को टक्कर देने के लिए रणनीति तैयार कर रहे हैं। तो वहीं दूसरी तरफ बीजेपी अपने गठबंधन दल एनडीए का कुनबा बढ़ाने में जुटा है। ऐसे में अब एनडीए से सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने हाथ मिला लिया।
बीजेपी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में सुभासपा चीफ ओम प्रकाश राजभर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का हिस्सा बन गए। रविवार को शाह ने ट्वीट कर कहा कि ओम प्रकाश राजभर के पार्टी में शामिल होन से उत्तर प्रदेश में एनडीए को मजबूती मिलेगी।

राजभर के कदम के बाद अंसारी के बेटे की चर्चा
इस बीच ओपी राजभर के एनडीए का हिस्सा बनने के बाद सियासी हल्कों में माफिया मुख्तार अंसारी के बेटे और सुभासपा के टिकट पर मऊ सदर से विधायक चुने गए अब्बास अंसारी को लेकर चर्चाएं तेज हो रही है।
दरअसल, सुभासपा के बीजेपी से हाथ मिलने के बाद अब्बास अंसारी को लेकर यह चर्चा हो रही है कि अब माफिया के बेटे अब्बास अंसारी का अगला कदम क्या होगा? ऐसा इसलिए क्योंकि मौजूदा वक्त में अब्बास अंसारी भी एनडीए के ही विधायक कहलाए जाएंगे।
सपा-सुभासपा उम्मीदवार था अब्बास अंसारी
हालांकि अभी तक मऊ सदर से विधायक अब्बास अंसारी की ओर से एनडीए में शामिल होने को लेकर या फिर सुभासपा पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। आपको बता दें कि साल 2022 में हुए यूपी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी और सुभासपा ने गठबंधन करते हए चुनाव लड़ा था।
ऐसे में दोनों गठबंधन के बाद मऊ सदर की सीट ओपी राजभर के हिस्से में गई थी, जिसके चलते पार्टी ने अब्बास अंसारी को अपना उम्मीदवार बनाया, जहां उन्होंने जीत हासिल की थी।
हालांकि पिछले साल नवंबर में अब्बास अंसारी को गिरफ्तार किया गया था। जिस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए उस दौरान सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर ने कहा था कि अब्बास अंसारी उनके नहीं बल्कि समाजवादी पार्टी के हैं। बस सिंबल हमारा था, लेकिन वो सपा से जुड़े हैं।
इससे अलग सपा और सुभासपा के बीच चुनाव के बाद जुबानी जंग तेज हो गई थी, अखिलेश यादव और ओपी राजभर एक दूसरे पर तंज कसने में कोई कसर नहीं छोड़ते थे और स्थिति यहां तक बन आई कि गठबंधन टूट गया, लेकिन उसके बाद भी अब्बास अंसारी ने राजभर की पार्टी छोड़ने की बात नहीं की, लेकिन अब एनडीए में जाने पर क्या होगा ये देखने वाली बात होगी?












Click it and Unblock the Notifications