साली से की दूसरी शादी, पहली बीवी को कॉल कर कहा- तुम्हारी बहन को मार डाला
मेरठ। नए साल का आगाज होने पर जहां लोग खुशी मना रहे हैं और एक दूसरे को शुभकामनाएं दे रहे हैं, वहीं मेरठ के पल्लवपुरम थाना इलाके की पॉश कॉलोनी क्वींसलैंड में पति ने दूसरी पत्नी की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया है और आरोपी पति को तलाश कर रही है।

प्रेम संबंध में की साली से शादी
दरअसल मेरठ के पल्लवपुरम थाना क्षेत्र में बाईपास स्थित क्वींसलैंड कॉलोनी में दीपक चौधरी अपनी पत्नी प्रीति और एक बच्चे के साथ रहता है। दीपक की शादी कुछ साल पहले प्रीती की बड़ी बहन मंजू से हुई थी। मंजू और दीपक के भी दो बच्चे हैं। पहली शादी के कुछ साल दीपक और उसकी साली प्रीति के बीच प्रेम संबंध हो गए। इसके बाद दीपक ने अपनी पहली पत्नी मंजू को छोड़कर अपनी साली प्रीति से ही दूसरी शादी कर ली।

बीवी को कॉल कर दी हत्या की सूचना
पुलिस के मुताबिक हत्यारोपी दीपक ने मंजू को कॉल करके बताया कि उसने प्रीति को मार दिया है। ये सुनकर मंजू मोदीनगर स्थित अपने घर से पल्ल्वपुरम की क्वींसलैंड कॉलोनी वाले प्रीती के घर पहुंची तो देखा की घर का ताला लगा हुआ था जिसके बाद उसने पुलिस को इसकी सूचना दी।

पुलिस को मिली प्रीति की लाश
मंजू की शिकायत के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घर का ताला तोड़ा तो प्रीति की लाश खून से लथपथ पड़ी थी। पुलिस ने मौके पर खून से सना एक चाकू और थपकी बरामद की। घटना के बाद एसपी सिटी का कहना है कि मृतका की बहन ने अपने पति दीपक के खिलाफ हत्या की तहरीर दी। अभी आरोपी दीपक फरार है। पुलिस टीम दीपक की धरपकड़ में जुट गयी है।












Click it and Unblock the Notifications