दिल्ली जा रही बस नेशनल हाईवे पर पलटी, कई लोग हुए घायल
शाहजहांपुर में नेशनल हाईवे पर दिल्ली जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई जिसमें कई यात्री घायल हो गए।
शाहजहांपुर। यूपी के शाहजहांपुर में नेशनल हाईवे 24 पर गुरुवार की देर रात दिल्ली जा रही बस खाई मे पलट गई। बस में चालीस यात्री सवार थे। बस खाई मे गिरने से करीब दो दर्जन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि बाकी यात्रियों को मामूली चोटें हैं। बस के खाई में गिरने की सूचना पर पुलिस प्रशासन व स्वास्थ विभाग मे हड़कंप मच गया क्योंकि खाई मे गिरने की खबर सुनकर पुलिस प्रशासन किसी बड़ी घटना के होने का अंदेशा जता रहा था।

हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस, क्रेन से बाहर निकाला
फिलहाल सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल मे भर्ती कराया, साथ ही क्रेन की मदद से बस को खाई से निकाला गया। आपको बता दें कि एआरटीओ और पुलिस की मदद से रोडवेज से पचास प्रतिशत कम किराए पर ये प्राइवेट बसें चलाकर रोडवेज को चूना लगाया जा रहा है।

बस में करीब 40 यात्री सवार
दरअसल हादसा तिलहर थाना क्षेत्र के तिलहर चौराहे के पास की है जहां लखीमपुर से प्राइवेट बस दिल्ली के लिए जा रही थी। बस मे करीब चालीस यात्री सवार थे। ये सभी यात्री लखीमपुर जनपद के रहने वाले हैं।

कच्ची मिट्टी की वजह से पलट गई बस
बस जैसे ही नेशनल हाईवे 24 के तिलहर चौराहे के पास पहुंची तो हाईवे पर फोरलेन निर्माण के चलते पुल की दीवार बनाने के लिए एक गहरी खाई खोदी गई थी। बस का पहिया सड़क से उतरकर कच्ची मिट्टी पर गया और बस खाई मे पलट गई।

24 लोगों को गंभीर चोटें, मौके पर चीख-पुकार
बस के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार होने लगी तो चौराहा होने के कारण आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को निकालना शुरू कर दिया और साथ ही किसी ने पुलिस को सूचना दे दी है। बस मे बैठे चालिस यात्रियों मे से दो दर्जन यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं जबकि बाकी यात्रियों को मामूली चोंटे आई हैं।

घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया
इस दौरान हाईवे पर दोनों ओर से काफी लम्बा जाम भी लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने 108 एम्बुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल मे भर्ती कराया और खाई मे पलटी बस को क्रेन की मदद से निकलवाया गया। घायलों का उपचार चल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications