सर्पदंश से अंग हो गए थे पैरालाइसिस का शिकार, 1300 Km का सफर कर Gujarat से पहुंचा Kanpur, बच गई जान
इस हैरतअंगेज मामले में यूपी के फतेहपुर जनपद के एक शख्स को गुजरात में एक सांप ने डस लिया था। जहां इलाज के बावजूद उसकी हालत बिगड़ती चली गई और कई अंग पैरालाइसिस के शिकार हो गए। लेकिन फिर उसके दोस्तों और परिजनों ने एक ऐसा फैसला किया जिसपर यकीन कर पाना मुश्किल है। वे उसे एम्बुलेंस से करीब 1300 किमी का सफर तय करके कानपुर ले आए, जहां डॉक्टरों ने उसकी जान बचा ली।
सर्पदंश से अंग हुए पैरालाइसिस का शिकार
दरअसल, फतेहपुर निवासी 20 वर्षीय सुनील कुमार गुजरात के राजकोट में काम करता है। बीते 15 अगस्त को उसे एक जहरीले सांप ने डस लिया। जिसके बाद उसे राजकोट जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने सुनील को एंटी वेनम वैक्सीन लगाई, लेकिन लाभ नहीं हुआ। धीरे-धीरे उसके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया।

26 घंटों में तय किया 1300 किलोमीटर का सफर
उधर सुनील की बिगड़ती हालत देख उसके परिजन और दोस्त चिंतित हो गए। उन्हें जब सुनील की जान बचाने का कोई रास्ता नजर नहीं आया तब उन्होंने सुनील को गुजरात से कानपुर लाने का निर्णय लिया। इसके लिए 51 हजार रुपये में वेंटीलेटर युक्त एंबुलेंस बुक की गई, लेकिन इसमें खतरा बहुत था। सफर 1300 किलोमीटर का था, जिसमे करीब 26 से 28 घंटे लगने थे।
एंटी वेनम के 10 इंजेक्शन लगे, बच गई जान
लेकिन सुनील को बिना रुके कानपुर लाया गया और एलएलआर अस्पताल में भर्ती किया गया। तीन दिन तक आइसीयू में उनका इलाज चला और एंटी वेनम के 10 इंजेक्शन लगाए गए। जिसका असर जल्द ही दिखने लगा और सुनील के अंगों ने काम करना शुरू कर दिया। मेडिसिन विभाग के डा. एसके गौतम ने बताया कि मरीज के स्वजन खतरा उठाकर यहां पहुंचे, लेकिन सही इलाज मिलने से उनकी जान बच गई। अब उन्हें वेंटीलेटर से हटा दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications