संपत्ति के लगाए तीन हिस्से, एक हिस्से में 10.77 करोड़ रुपये कर दिए इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के नाम
इलाहाबाद। भारतीय संस्कृति परंपरा में गुरू और गुरुकुल का बहुत अधिक महत्व होता है। ताउम्र इनके प्रति विद्यार्थी समर्पित रहते हैं। इसी परंपरा का निर्वाहन करते हुए एक छात्र ने अपनी संपत्ति का एक हिस्सा इलाहाबाद यूनिवर्सिटी को दान कर दिया है। आश्चर्य की बात यह है कि पढ़ाई के बाद वर्षों पहले अमेरिका ही बस गए इस छात्र ने अपनी संस्कृति और अपनी शिक्षा को कभी नहीं भुलाया। अपने जीवन के आखिरी समय में इस छात्र ने अपनी संपत्ति के तीन हिस्से लगाए। दो हिस्से बेटों के नाम और एक हिस्सा अपने गुरुकुल इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के नाम कर दिया।

अमेरिका में रहता था पूर्व छात्र
यह छात्र ईश्वर टोपे थे। जिन्होंने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की और फिर अमेरिका में अपना व्यवसाय जमाया। हालांकि अभी इनके बारे में बहुत अधिक जानकारी नहीं मिल सकी। लेकिन जल्द ही यूनिवर्सिटी ईश्वर टोपे की तमाम शैक्षणिक जानकारी साझा करेगी। ईश्वर टोपे की मंशा के अनुरूप इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के खाते में 10.77 करोड़ रुपये जमा कर दिए गए हैं। अब इस धन का इस्तेमाल ईश्वर टोपे की स्मृति में सोशल साइंस एकेडमिक कॉम्पलेक्स बनाने में किया जाएगा।
लंबे समय से चल रहा था प्रयास
दरअसल, ईश्वर टोपे की वसीयत के अनुसार जब उनकी संपत्ति वितरित हुई, तब इलाहाबाद यूनिवर्सिटी की ओर से धन को हस्तांतरित करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए। हालांकि कछुआ चाल से प्रयास किया जाता रहा। लेकिन वैधानिक अड़चनों के कारण किसी ने खास दिलचस्पी नहीं दिखाई। यही वजह थी कि वर्षों से ईश्वर टोपे कि आखिरी इच्छा पूरी नहीं हो पा रही थी। लेकिन कुलपति प्रो. हांगलू ने जब अमेरिकी दूतावास से संपर्क कर दान लाने का प्रयास शुरू किया। तो मानव संसाधन विकास मंत्रालय, वित्त मंत्रालय और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ने भी तन्मयता के साथ कार्रवाई को पूरा कराया। अब इलाहाबाद यूनिवर्सिटी की खाते में ईश्वर टोपे के भेजे 10.77 करोड़ जमा हो चुके हैं। इन पैसों से बिल्डिंग एंड वर्क्स कमेटी ईश्वर टोपे की स्मृति में सोशल साइंस एकेडमिक कॉम्पलेक्स बनवाएगी। जो अत्याधुनिक सुविधाओ से लैस होगा।












Click it and Unblock the Notifications