Maha Kumbh 2025: सीएम योगी ने महाकुंभ का किया हवाई सर्वेक्षण, श्रद्धालुओं की संख्या में रिकॉर्ड वृद्धि
Maha Kumbh 2025: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को प्रयागराज में महाकुंभ क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की भीड़ का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।
प्रयागराज के जिला अधिकारी रवींद्र कुमार मंदार ने जानकारी दी कि रविवार सुबह तक करीब 59 लाख श्रद्धालुओं ने संगम में स्नान किया है। पिछले 33 दिनों में लगभग 52 करोड़ श्रद्धालुओं ने महाकुंभ में स्नान किया है। इसके बावजूद श्रद्धालुओं की संख्या में कोई कमी नहीं आ रही है।

ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान केंद्रित
जिला अधिकारी रवींद्र कुमार मंदार ने कहा कि प्रयागराज महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था भी सुचारू रखी जा रही है। रेलवे प्रशासन के साथ बहुत अच्छा समन्वय है और तीर्थयात्रियों के लिए सभी इंतजाम किए गए हैं।
उन्होंने अपील की कि जिन श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान कर लिया है, वे सकुशल अपने गंतव्य स्थान की ओर रवाना हो जाएं। प्रशासन पूरी तरह से प्रतिबद्ध है कि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा न हो।
महाकुंभ में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़
प्रयागराज महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ अब तक के सभी अनुमान से कहीं अधिक है। सरकार ने जो पूर्वानुमान लगाया था, उसे पीछे छोड़ते हुए अब तक लगभग 52 करोड़ श्रद्धालुओं ने संगम में डुबकी लगाई है। मोक्ष की कामना से श्रद्धालु त्रिवेणी के पवित्र जल में स्नान के लिए आ रहे हैं और यह सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।
रविवार शाम सीएम ने एक्स पर लिखा कि "सभी पूज्य संत गणों, आश्रमों और विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं से अपील है कि वे भंडारे और प्रसाद वितरण की पवित्र व्यवस्था को अनवरत जारी रखें, ताकि सभी श्रद्धालु इसका लाभ उठा सकें। महाकुम्भ में स्वच्छता बनाए रखना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। सभी श्रद्धालुओं का आह्वान है कि वे स्वयं भी स्वच्छता का पालन करें और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। भगवान तीर्थराज प्रयाग की जय!"
इससे पहले उन्होंने एक्स पर लिखा था "प्रिय श्रद्धालु जन, महाकुम्भ आस्था का महापर्व है, जिसमें पूरे देश और दुनिया के लोग भाग लेने के लिए उत्साहित हैं। ऐसे में सभी का सकारात्मक सहयोग इस आयोजन की सफलता को कई गुना बढ़ा सकता है। सभी श्रद्धालुओं से अनुरोध है कि वे अपने वाहनों को सड़कों पर न खड़ा करें, बल्कि निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें, जिससे सभी को पवित्र त्रिवेणी में आस्था की डुबकी लगाने का सुगम अवसर मिल सके। हर-हर गंगे!"












Click it and Unblock the Notifications