Maha Kumbh 2025: सोशल मीडिया पर नंबर वन ट्रेंड बना 'एकता का महाकुंभ' हैशटैग, दिनभर रहा चर्चा में
Maha Kumbh 2025 Trending News: महाकुंभ 2025 के शुभारंभ के साथ ही सोशल मीडिया पर इसकी धूम मच गई। सोमवार सुबह पौष पूर्णिमा के स्नान पर्व के साथ महाकुंभ की शुरुआत होते ही बड़ी संख्या में यूजर्स ने महाकुंभ के फोटो, वीडियो और जानकारियां साझा करनी शुरू कर दीं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर '#एकता_का_महाकुंभ' हैशटैग पूरे दिन चर्चा में रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा महाकुंभ को 'एकता का महाकुंभ' बताए जाने के बाद यह हैशटैग तेजी से लोकप्रिय हो गया।

दोपहर बाद तक ट्रेंड में छाया एकता का महाकुंभ
सुबह से शुरू हुआ '#एकता_का_महाकुंभ' का ट्रेंड दोपहर तक नंबर वन पर पहुंच गया। लगभग 70,000 से अधिक यूजर्स ने इस हैशटैग का उपयोग करते हुए महाकुंभ से जुड़े अपने अनुभव, संगम स्नान की तस्वीरें और सनातन संस्कृति पर विचार साझा किए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस हैशटैग का उपयोग करते हुए महाकुंभ के महत्व और इसकी भव्यता पर पोस्ट किया। सीएम की पोस्ट के बाद इस हैशटैग पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई, जिससे यह ट्रेंड पूरे दिन शीर्ष स्थान पर बना रहा।
नेताओं और संस्थानों ने किया समर्थन
महाकुंभ को 'एकता का महाकुंभ' बताने वाले इस हैशटैग को बड़े नेताओं और सरकारी संस्थानों का भी समर्थन मिला। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, सांसद रवि किशन, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और कई अन्य नेताओं ने '#एकता_का_महाकुंभ' का उपयोग करते हुए इसे साझा किया।
सरकारी हैंडल 'MyGovIndia' और 'नमामि गंगे' ने भी महाकुंभ की तस्वीरें और वीडियो साझा कर इसे 'भव्य और दिव्य' लिखा। मुख्यमंत्री योगी ने हाल ही में कहा था कि महाकुंभ में आकर लोग देख सकते हैं कि यहां पंथ, जाति और संप्रदाय का कोई भेदभाव नहीं है।
ये हैशटैग भी करते रहे ट्रेंड
महाकुंभ को लेकर '#MahaKumbh2025', '#पौष_पूर्णिमा', '#पवित्र_संगम' और '#प्रथम_अमृत' जैसे अन्य हैशटैग भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए। यूजर्स ने इन हैशटैग के जरिए अपनी श्रद्धा व्यक्त की। लोग दिनभर सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर इन हैशटैग का इस्तेमाल करते हुए मैसेज पोस्ट करते रहे।












Click it and Unblock the Notifications