Maha Kumbh 2025: सांसद चंद्रशेखर आजाद ने की सरकार की तारीफ, कुंभ का वीडियो शेयर कर लिखी ये बात
Maha Kumbh 2025: उत्तर प्रदेश के नगीना से आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के सांसद चंद्रशेखर आजाद ने महाकुंभ 2025 की तैयारियों पर सरकार की प्रशंसा की है। उन्होंने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा कि सरकार की इच्छाशक्ति असंभव को संभव बना सकती है।
नगीना सांसद ने महाकुंभ का एक वीडियो भी सोशल साइट एक्स पर शेयर किया है। वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा है कि "6 महीने में रेत पर एक नया शहर बसाना यह दर्शाता है कि सरकार चाहे तो बड़ी से बड़ी चुनौती का समाधान किया जा सकता है।"

सांसद चंद्रशेखर आजाद ने महाकुंभ की तैयारियों को सरकार की शक्ति का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्य यह साबित करते हैं कि जब सरकार ठान लेती है, तो कोई भी लक्ष्य मुश्किल नहीं रह जाता।
गरीबों और वंचितों के लिए क्यों नहीं दिखती यह इच्छाशक्ति?
हालांकि, सांसद आजाद ने सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल भी उठाए। उन्होंने कहा कि यदि महाकुंभ जैसे आयोजनों को इतने बड़े पैमाने पर अंजाम दिया जा सकता है, तो देश के गरीब, किसान, मजदूर, दलित, आदिवासी और महिलाओं के अधिकारों और सुरक्षा के लिए ऐसी इच्छाशक्ति क्यों नहीं दिखाई जाती?
उन्होंने लिखा, "शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार और महिलाओं की सुरक्षा जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए भी सरकार को इसी प्रकार का संकल्प दिखाना चाहिए।"
अधिकार और जान बचाने की प्राथमिकता पीछे रह गई
चंद्रशेखर आजाद ने झांसी में नवजात बच्चों की मौत और ऑक्सीजन की कमी के कारण हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि यह स्पष्ट करता है कि जनता के बुनियादी अधिकार और उनकी सुरक्षा सरकार की प्राथमिकताओं में पीछे रह गई हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या हमारी प्राथमिकताएं गलत हैं? क्या समाज के कमजोर तबकों के उत्थान के प्रति गंभीरता की कमी है? सांसद ने कहा कि जनकल्याण के लिए सवाल करना कोई अपराध नहीं है।
दृढ़ संकल्प से हो सकता है स्थायी बदलाव
सांसद ने कहा कि यदि सरकार वंचित वर्गों के उत्थान के लिए भी महाकुंभ जैसी इच्छाशक्ति दिखाए, तो समाज में स्थायी बदलाव संभव है। अंत में उन्होंने लिखा, "जय भीम, जय भारत, जय संविधान।"












Click it and Unblock the Notifications