घर पर चलाई JCB और उठा ले गए सामान, ऐसे किया दबंगों ने कब्जा...
उनका पूरा परिवार कहीं रिश्तेदार के घर गया था। तभी मौका पाते ही इलाके के दबंग भू-माफिया पंकज और रतिराम करीब तीस से चालिस साथियों के साथ ओमपाल के घर पहुंचे और तोड़फोड़ शुरू कर दी।
शाहजहांपुर। प्रदेश में सरकार तो बदल गई लेकिन दबंगों की दबंगई बदसतूर जारी है। जिस तरह से सपा सरकार में जमीनों पर कब्जों से जनता परेशान थी वहीं परेशानी मौजूदा बीजेपी सरकार में भी बनी हुई है। ताजा मामला यूपी के शाहजहांपुर का है जहां एक घर पर दबंगों का कहर देखने को मिला। यहां भू-माफिया ने जेसीबी मशीन से भी घर को जमींदोज कर दिया। साथ ही घर में रखा सामान भी दबंग अपनी गाड़ी में भर कर ले गए। फिलहाल पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

10 साल पहले ली थी जमीन
मामला थाना जलालाबाद के मोहल्ला कानून गोयान का है, यहां के रहने वाले ओमपाल अपने परिवार के साथ रहते हैं। पीड़ित ओमपाल ने बताया कि उन्होंने करीब तीस साल पहले एक प्लॉट का छोटे नाम के शख्स से बैनामा करवाया था। उसके बाद करीब दस साल पहले उस प्लॉट पर ओमपाल ने निर्माण कराकर रहने के लिए मकान बनवा लिया। ओमपाल का पूरा परिवार इस घर में रहता था। ओमपाल अपनी दुकान पर थे। उनका पूरा परिवार कहीं रिश्तेदार के घर गया था। तभी मौका पाते ही इलाके के दबंग भू-माफिया पंकज और रतिराम करीब तीस से चालिस साथियों के साथ ओमपाल के घर पहुंचे और तोड़फोड़ शुरू कर दी।

घर तोड़कर सामान ले गए माफिया
इतने में दबंगों ने वहां जेसीबी मशीन भी मंगवा ली और पूरे घर को देखते ही देखते जमींदोज कर दिया। इतना ही नहीं दबंगों ने ओमपाल का घर तोड़ने के बाद उसके घर का कीमती सामान अपनी गाड़ी में भर लिया। जिस जगह पर कल तक घर बना हुआ था आज उसी जगह पर घर का टूटा हुआ मलबा दिखाई दे रहा था। अब इस परिवार के पास सिर छुपाने के लिए छत तक नहीं बची है। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे ओमपाल ने जब अपना टूटा हुआ घर देखा तो उनके आंसू नहीं रूके।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, तलाश जारी
उसके बाद दबंगों के खिलाफ पीड़ित ने थाने में तहरीर थी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की और इसके बाद तहरीर के आधार पर पुलिस ने दो नामजद और बीस अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। जलालाबाद इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि ओमपाल नाम के शख्स का भू-माफिया ने घर तोड़ दिया है। मामले की जांच की तो उसमे सच्चाई सामने आने के बाद पीड़ित की तहरीर के आधार पर दो नामजद और बीस अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।

रिश्तेदारी में गया था पीड़ित का परिवार
आपको बता दें जिस दबंग भू-माफिया ने घर को तोड़कर जमींदोज किया है, वो बीजेपी के कार्यकर्ता बताए जा रहे हैं। जब से बीजेपी सत्ता में आई है इन दबंगों की गुंडागर्दी इलाके में ज्यादा बढ़ गई है। बीजेपी कार्यकर्ता होने के कारण पुलिस इन पर कार्रवाई करने से बचती थी। अब सवाल ये उठता है कि सत्ता पाते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वादे आखिर कहां गए?, जो उन्होंने चुनाव से पहले जनता से किए थे कि बीजेपी सरकार आने के बाद किसी के मकान पर अवैध कब्जा नहीं होने दिया जाएगा। यहां कब्जा नहीं बल्कि दबंगों ने घर को तोड़कर पीड़ित परिवार के सिर पर से छत ही छीन ली है। ऐसे में कहने से गुरेज नहीं होगा कि सत्ता तो बदली पर गुंडे अभी भी पुलिस और गरीब जनता पर हावी है।












Click it and Unblock the Notifications