Lucknow Gen Alpha Protest: छात्राओं ने 8KM तक पुलिस को दौड़ाया, खोली पोल! अखिलेश बोले- शिक्षा मंत्री कहां है?
Lucknow Gen Alpha Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर से जेन जेड (Gen Z) प्रदर्शन के बाद अब लखनऊ में Gen Alpha अपनी मांगों को लेकर मुखर हो गया है। बीते चार दिनों में दो बार, 14 अगस्त और फिर 17 अगस्त को, सर्वोदय विद्यालय के छात्र सड़कों पर उतरे। शिक्षकों की कमी और स्कूल प्रबंधन से जुड़ी शिकायतों को लेकर आवाज बुलंद की।
17 अगस्त यानी सोमवार की सुबह 7 बजे, जय प्रकाश नारायण सर्वोदय बालिका विद्यालय की 250 छात्राओं ने बारिश के बीच दुबग्गा-कानपुर बाईपास चौराहे का चक्का जाम कर दिया। सड़क पर बैठकर यातायात ठप कर दिया। करीब दो घंटे तक समझाने के बाद भी जब छात्राएं जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ी रहीं तो वे वहां से आगे बढ़ गईं। पुलिस के अनुसार, छात्राओं को बालागंज चौराहे के पास रोका गया, जिसके बाद अधिकारियों से बातचीत कर उन्हें स्कूल वापस भेजा गया।

बताया जा रहा है कि करीब 8 किलोमीटर तक छात्राओं ने पैदल मार्च किया। इस दौरान पुलिस को छात्राओं के प्रदर्शन को काबू में लाने के लिए काफी दौड़ लगानी पड़ी। यह पूरा घटनाक्रम सिर्फ एक स्कूल में शिक्षकों की कमी का मामला नहीं है। इसने सवाल खड़ा किया है कि जिस आवासीय स्कूल में कक्षा 6 से 12 तक के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का दावा किया जाता है, वहां छात्राओं को अपनी पढ़ाई से जुड़ी शिकायतों के लिए सड़क पर क्यों उतरना पड़ा? आइए समझते हैं कि छात्राओं की असल में मांगे क्या? कौन जिम्मेदार?
DM आवास घेरने की योजना, 8 KM पैदल मार्च, पुलिस पस्त!
पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं से बातचीत कर उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन छात्राएं अपनी शिकायतों के समाधान और जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर कायम रहीं। करीब दो घंटे तक बातचीत के बाद भी जब गतिरोध नहीं टूटा तो छात्राएं हजरतगंज स्थित जिलाधिकारी (DM) विशाख (IAS-2011 बैच) आवास की ओर जाने लगीं। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। छात्राओं के आगे बढ़ने के बाद मामला और दिलचस्प हो गया। पुलिस के मुताबिक छात्राएं लखनऊ-हरदोई हाईवे की तरफ बढ़ीं और बालागंज चौराहे तक पहुंच गईं। पुलिसकर्मी भी उनके पीछे-पीछे गए। मोहान रोड से करीब 8 किलोमीटर दूर बालागंज चौराहे पर पैदल मार्च करके छात्राएं पहुंचीं।

आखिर छात्राओं की शिकायत क्या थी?
प्रदर्शन का सबसे बड़ा मुद्दा शिक्षकों की कमी बताया गया। छात्राओं का कहना था कि फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी जैसे महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं। उनका दावा था कि लंबे समय से शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।
छात्राओं के लिए यह समस्या इसलिए भी गंभीर है क्योंकि विद्यालय में पढ़ने वाले कई विद्यार्थी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में महत्वपूर्ण विषयों की नियमित कक्षाएं न होने से उनकी पढ़ाई प्रभावित होने की चिंता स्वाभाविक है।
छात्राओं ने इंटरनेट और ऑनलाइन पढ़ाई से जुड़ी समस्याएं भी उठाईं। इसके अलावा स्कूल के अंदरूनी प्रबंधन, वार्डन के व्यवहार और कक्षा संचालन से जुड़े मुद्दे भी सामने आए। यानी प्रदर्शन को केवल 'टीचर नहीं हैं' वाली एक शिकायत तक सीमित करना पूरी तस्वीर नहीं होगी। छात्रों ने स्कूल के अकादमिक और प्रशासनिक दोनों स्तरों से जुड़ी समस्याओं को सामने रखा।
अधिकारियों का क्या कहना है?
छात्राओं से बातचीत के बाद समाज कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव अनुराग यादव समेत विभागीय अधिकारी विद्यालय पहुंचे। भारी बारिश के बीच अधिकारियों ने स्कूल परिसर में छात्राओं से बातचीत की। करीब ढाई घंटे की बातचीत के बाद प्रमुख सचिव अनुराग यादव ने कहा कि छात्राओं की कई मांगें बुनियादी प्रकृति की हैं और अधिकारियों ने उनसे व्यक्तिगत रूप से बातचीत की है। उन्होंने बताया कि फिजिक्स की शिक्षिका मातृत्व अवकाश (Maternity Leave) पर हैं, जबकि गणित की शिक्षिका फिलहाल छुट्टी पर हैं। उनका कहना था कि जल्द ही बच्चों को नियमित शिक्षक उपलब्ध होंगे।
प्रमुख सचिव ने यह भी माना कि स्कूल प्रशासन और छात्राओं के बीच संवाद की कमी की वजह से स्थिति बिगड़ी हो सकती है। उन्होंने कहा कि छात्राओं की समस्याओं को समझा गया है और उन्हें समाधान का भरोसा दिया गया है। हालांकि, अधिकारियों की ओर से यह भी कहा गया कि छात्रों को अपनी बात रखने का तरीका ऐसा नहीं होना चाहिए था।
अच्छे शिक्षकों के बिना बच्चों की पढ़ाई कैसे आगे बढ़ेगी? मंत्री असीम अरुण परेशान!
उत्तर प्रदेश के मंत्री असीम अरुण कहते हैं कि समाज कल्याण विभाग सर्वोदय विद्यालय चलाता है, जहां बिल्डिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, खाना, पढ़ाई और कोचिंग जैसी सुविधाओं को बेहतर बनाया गया है। पिछले साल, विभाग में शिक्षकों की खाली जगहों को भरने के लिए गेस्ट इंस्ट्रक्टर चुने गए थे। उनकी टीचिंग सर्विस जारी रखने को लेकर हाई कोर्ट में एक केस दायर किया गया था, और नतीजतन, ये शिक्षक पिछले एक महीने से उपलब्ध नहीं हैं। छात्रों की चिंताएं जायज हैं। मैं छात्रों से भी ज्यादा चिंतित हूं। आखिरकार, अच्छे शिक्षकों के बिना बच्चों की पढ़ाई कैसे आगे बढ़ेगी? आज हाई कोर्ट में सुनवाई हुई और विभाग ने अपना पक्ष रखा।
आगे कहा कि मैंने यह सुनिश्चित किया कि हम इस मामले को सकारात्मक दिशा में ले जाएं। मुझे उम्मीद है कि कल एक आदेश जारी होगा, जिससे हम इन गेस्ट इंस्ट्रक्टर को वापस ला सकेंगे ताकि वे छात्रों को ठीक से पढ़ाना शुरू कर सकें। साथ ही, हम इन गेस्ट इंस्ट्रक्टर के चयन की प्रक्रिया को लेकर कोर्ट द्वारा उठाई गई समस्याओं को भी ठीक करेंगे। इसके अलावा, उन अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी जिनकी लापरवाही के कारण लगभग डेढ़ महीने तक शिक्षक उपलब्ध नहीं हो पाए।'
छात्राओं के प्रोटेस्ट की मांगे क्या हैं? वार्डन से लेकर मोबाइल तक की शिकायतें
समाज कल्याण विभाग के अधिकारी संजीव सिंह ने बताया कि छात्रों ने स्कूल के अंदरूनी प्रबंधन से जुड़ी समस्याएं भी रखीं। इनमें वार्डन के व्यवहार की शिकायत, वार्डन को हटाने की मांग, मोबाइल फोन इस्तेमाल की अनुमति और कक्षाओं के समय में बदलाव जैसे मुद्दे शामिल थे। अधिकारी के अनुसार, छात्रों को समझाया गया और उनकी मांगों पर विचार करने के लिए विद्यालय में बैठक करने का फैसला किया गया। छात्राओं ने प्रिंसिपल के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं करने की बात भी कही। अधिकारियों ने उन्हें भरोसा दिलाया कि प्रिंसिपल के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। इससे साफ है कि छात्रों की नाराजगी केवल शिक्षकों तक सीमित नहीं थी, बल्कि स्कूल के रोजमर्रा के प्रशासन और हॉस्टल व्यवस्था से जुड़े मुद्दे भी उनके असंतोष का हिस्सा थे।
आखिर क्या है सर्वोदय विद्यालय?
जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विद्यालय हैं। सरकारी पोर्टल के मुताबिक, इन विद्यालयों का उद्देश्य सामाजिक और आर्थिक रूप से कमजोर व शिक्षा से वंचित प्रतिभावान बच्चों को मुफ्त शिक्षा उपलब्ध कराना है। पूरे प्रदेश में 94 जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय का संचालन होता है। इसमें हर विद्यालय में करीब 490 विद्यार्थी होते हैं। आपको बता दें कि, सर्वोदय विद्यालयों में 60% अनुसूचित जाति जनजाति, 25% अन्य पिछड़ा वर्ग और 15% सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों को दाखिला मिलता है। कक्षा 6 से 9वीं तक, दाखिले के लिए एक एंट्रेंस एग्जाम यानी प्रवेश परीक्षा कराई जाती है। वहीं, कक्षा 11वीं में प्रवेश के लिए हाई स्कूल के नंबर के आधार पर मेरिट तैयार किया जाता है।
स्कूल चलाने की जिम्मेदारी किसकी?
जय प्रकाश नारायण सर्वोदय बालिका विद्यालय का संचालन समाज कल्याण विभाग करता है। आपको बता दें कि, असीम अरुण वर्तमान में उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हैं। साथ ही संजीव कुमार गोंड़ समाज कल्याण राज्य मंत्री हैं। वहीं, अनुराग यादव, उत्तर प्रदेश कैडर के 2000 बैच के IAS अधिकारी वर्तमान में प्रमुख सचिव, समाज कल्याण एवं सैनिक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
क्या यह मामला बेसिक या माध्यमिक शिक्षा विभाग का है?
यह भी समझना जरूरी है। उत्तर प्रदेश में कक्षा 6 से 12 तक की शिक्षा को सामान्य सरकारी स्कूलों के संदर्भ में अलग-अलग विभाग देखते हैं। लेकिन सर्वोदय विद्यालयों के मामले में स्कूल का प्रशासनिक संचालन समाज कल्याण विभाग के पास है। यही वजह है कि प्रदर्शन के बाद समाज कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी स्कूल पहुंचे और छात्राओं से सीधे बातचीत की।
14 अगस्त के प्रदर्शन से जुड़ता है मामला
इस पूरे घटनाक्रम को 14 अगस्त की घटना से अलग करके भी नहीं देखा जा सकता। इससे पहले इसी क्षेत्र के सर्वोदय विद्यालय के छात्रों ने शिक्षकों की नियुक्ति की मांग को लेकर सड़क जाम किया था। उस दौरान समाज कल्याण विभाग के राज्यमंत्री असीम अरुण भी मौके पर पहुंचे थे और छात्रों से बातचीत कर उन्हें वापस स्कूल भेजा गया था।
Akhilesh Yadav ने सरकार पर साधा निशाना
छात्राओं के प्रदर्शन के बाद समाजवादी पार्टी अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाया कि जिन छात्राओं को स्कूल में होना चाहिए, वे शिक्षकों की कमी और बुनियादी सुविधाओं के लिए सड़क पर उतरने को मजबूर क्यों हैं। अखिलेश यादव ने तंज करते हुए पूछा कि 'उप्र में कोई शिक्षा मंत्री है क्या?' उनका बयान सीधे तौर पर राज्य सरकार की शिक्षा व्यवस्था पर राजनीतिक हमला है।


Click it and Unblock the Notifications
