'I Killed My Wife', पत्रकार Pragya Mishra की बहन बैंक मैनेजर Divya की हत्या के बाद पति ने लगाया था स्टेटस
Lucknow Divya Mishra Murder: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में गुरुवार, 20 अगस्त को दिनदहाड़े हुई बैंक अधिकारी दिव्या मिश्रा की हत्या से सनसनी फैल गई। आरोप है कि उनके पति मानस बाजपेई ने बैंक के बाहर उन्हें गोली मारी। इसके बाद वह अपने घर पहुंचा, जहां उसने अपनी बहन को भी गोली मार दी।
वारदात के बाद मानस ने कथित तौर पर WhatsApp पर एक स्टेटस लगाया और फिर खुद को गोली मार ली। मरने से पहले आरोपी ने WhatsApp पर एक स्टेटस लगाया। इसमें मृतका की बहन प्रज्ञा मिश्रा और उनके पति को इस सबका जिम्मेदार ठहराया। हालांकि, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। पुलिस के मुताबिक, करीब दो घंटे के भीतर तीन लोगों की मौत की सूचना सामने आई। घटना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए।

Lucknow ICICI Bank Manager Murder: बैंक के बाहर पत्नी को बुलाया, फिर मारी गोली
पुलिस और परिजनों से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे 35 वर्षीय मानस बाजपेई कार से गोमतीनगर स्थित ICICI बैंक पहुंचा। उसने फोन कर अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा को बैंक से बाहर बुलाया। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई। इसके बाद मानस ने कथित तौर पर दिव्या पर गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। बैंककर्मी और आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और दिव्या को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत बताया।

पत्नी और बहन के सिर में मारी गोली
दिव्या के ममेरे भाई मयंक दीक्षित के मुताबिक, पत्नी दिव्या पर गोली चलाने के बाद मानस कार से सीधे अपने घर पहुंचा। वहां उसने अपनी बहन सीबा को भी गोली मार दी और बाद में खुद को गोली मार ली। परिजनों के मुताबिक, मानस की बहन पहले से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानी से जूझ रही थी और पिछले कुछ महीनों में उसकी तबीयत अधिक खराब हो गई थी।
पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वारदात में दो पिस्टल और एक तमंचे के इस्तेमाल की बात सामने आई है। रिपोर्टों के अनुसार, दिव्या और उनकी बहन के सिर में गोली मारी गई, जबकि मानस ने अपनी कनपटी पर गोली चलाई। हथियार कहां से आए, उनका लाइसेंस था या नहीं और घटना के दौरान वास्तव में कितने हथियार इस्तेमाल हुए, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
WhatsApp स्टेटस में लिखा- 'I Killed My Wife'

दिव्या की हत्या के बाद मानस बाजपेई के WhatsApp स्टेटस ने मामले को और गंभीर बना दिया। रिपोर्टों के मुताबिक, स्टेटस में उसने अंग्रेजी में लिखा था- 'I Killed My Wife' यानी 'मैंने अपनी पत्नी की हत्या कर दी।' बताया जा रहा है कि स्टेटस में उसने पत्नी की हत्या की वजह कथित तौर पर 'धोखा' बताया और इसके बाद खुद तथा अपनी बहन को मारने की बात लिखी। इसी स्टेटस में उसने प्रज्ञा और भरत का भी जिक्र किया और उनके बारे में कुछ आरोप लगाए। हालांकि, दिव्या के परिवार की ओर से इन आरोपों को खारिज किया गया है। मयंक दीक्षित ने कथित WhatsApp स्टेटस में लगाए गए दावों को गलत बताया और कहा कि प्रज्ञा और भरत को पहले से इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी।
टीवी पर चल रही थी हनुमान चालीसा, फर्श पर दो लाशें
पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल पर मानस और उसकी बहन की लाशें बरामद की गई। घर में टीवी पर हनुमान चालीसा चल रही थी। जमीन पर दोनों लाशें खून से सनी पड़ी थीं। पुलिस के मुताबिक, उनके माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी।
Who Was Divya Mishra: कौन थीं दिव्या मिश्रा?

दिव्या मिश्रा, लखनऊ के गोमतीनगर स्थित ICICI बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं। उनकी हत्या बैंक के बाहर उस वक्त हुई, जब वह अपने पति से मिलने बाहर आई थीं। परिजनों के मुताबिक, दिव्या और मानस के रिश्ते में लंबे समय से तनाव था। बताया गया है कि करीब एक साल पहले दिव्या ने पति से तलाक के लिए अदालत में याचिका दायर की थी। वह पति से अलग रह रही थीं और अपने परिवार के साथ आलमबाग में रहती थीं। परिवार की जानकारी के मुताबिक, दिव्या के पिता सतीश चंद्र मिश्रा संगीत से जुड़े, जबकि उनकी मां रमा मिश्रा लेक्चरर थीं। उनकी बहन प्रज्ञा मिश्रा पत्रकार हैं।
Who Is Pragya Mishra: कौन हैं प्रज्ञा मिश्रा?

दिव्या मिश्रा की बहन प्रज्ञा मिश्रा पत्रकार और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर हैं। वह राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करती हैं और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय हैं। प्रज्ञा मिश्रा को खास तौर पर ग्राउंड रिपोर्टिंग के लिए जाना जाता है। वह 'प्रज्ञा का पन्ना' और 'Ulta Chasma UC' जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ी रही हैं। उनके कंटेंट में उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दे और जनसरोकार से जुड़े विषय प्रमुख रहे हैं। दिव्या की हत्या की खबर सामने आने के बाद प्रज्ञा ने सोशल मीडिया पर इस घटना की जानकारी साझा की और बताया कि उन्हें फोन पर अपनी बहन को गोली मारे जाने की सूचना मिली थी।
Who Is Pragya Mishra Husband, Bharat Yadav: प्रज्ञा मिश्रा के पति भरत यादव कौन हैं?
भरत यादव भी पत्रकारिता से जुड़े हैं। कुछ प्रोफाइल में उनका नाम भरत यादव काकोरी बताया गया है और उनका संबंध लखनऊ से बताया गया है। प्रज्ञा और भरत की शादी 26 फरवरी 2020 को होने की जानकारी कुछ सार्वजनिक प्रोफाइलों में दी गई है। हालांकि, उनके करियर और निजी जीवन से जुड़ी कई जानकारियों की स्वतंत्र पुष्टि प्राथमिक स्रोतों से नहीं हो सकी है।
अब पुलिस के सामने क्या सवाल?
- मानस के पास हथियार कहां से आए?
- कथित WhatsApp स्टेटस कब और किस परिस्थिति में लगाया गया?
- स्टेटस में लगाए गए आरोपों की सच्चाई क्या है?
- क्या घटना की पहले से योजना बनाई गई थी?


Click it and Unblock the Notifications
