Bus Accident: लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर खिलौने की तरह पलटी बस! शीशे चकनाचूर, सवार थे 50 यात्री, 4 घायल
Lucknow-Agra Expressway Bus Accident: दिल्ली से लखनऊ जा रही एक प्राइवेट बस सोमवार (21 अक्टूबर) की सुबह लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में करीब 50 यात्री सफर कर रहे थे, जिनमें से चार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पुलिस ने तुरंत पहुंचकर घायलों को अस्पताल भेजा।
यह हादसा आगरा के थाना डौकी क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 9.7 पर स्थित गांव विसारना के पास हुआ। बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे अंदर बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस और स्थानीय प्रशासन को घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक जय नारायण सिंह और यूपीडा की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। उन्होंने बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
घायलों में ये शामिल
- कुंदन पांडे पुत्र भुवनेश्वर पांडे, निवासी ग्राम सयाना डोडा
- मोहम्मद अहमद पुत्र मोहम्मद शमी, निवासी ग्राम रुदौली, अयोध्या
- रजनीश पुत्र रामकिशन, निवासी आजाद नगर, आगरा
- मोहम्मद जाहिद, निवासी सुलेमानपुर, जिला फैजाबाद
इन सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद भेजा गया। अन्य यात्रियों को दूसरी बस की व्यवस्था कर उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया।
कैसे हुआ हादसा?
प्रारंभिक जांच के अनुसार, हादसे का मुख्य कारण बस का टायर पंचर होना बताया जा रहा है। तेज रफ्तार में अचानक टायर फटने से बस अनियंत्रित हो गई और पलट गई। हादसे के बाद से पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ा दी है और यात्रियों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकाला गया।
यह हादसा एक बार फिर से यह साबित करता है कि लंबी दूरी की यात्रा में वाहनों की नियमित जांच और रखरखाव कितना महत्वपूर्ण है। ऐसे हादसों से बचने के लिए सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना और गाड़ी की स्थिति का ध्यान रखना जरूरी है। सभी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन की तत्परता भी सराहनीय है, जिससे बड़ी दुर्घटना होने से बचा जा सका।












Click it and Unblock the Notifications