LPG Price Hike: एलपीजी पर ₹50 की बढ़ोतरी, सरकार ने दी सफाई- कंपनियों को हो रहा था घाटा, जानिए नई कीमतें
LPG price hike: केंद्र सरकार ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में ₹50 की बढ़ोतरी कर दी है, जिससे आम जनता की रसोई पर फिर से महंगाई की मार पड़ी है। यह बढ़ी हुई कीमतें मंगलवार यानी कल से लागू हो जाएंगी। इसका सीधा असर प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के लाभार्थियों पर भी पड़ेगा।
अब उज्जवला योजना के तहत मिलने वाला सब्सिडी वाला सिलेंडर ₹500 के बजाय ₹550 में मिलेगा। वहीं, सामान्य उपभोक्ताओं को घरेलू सिलेंडर ₹803 की जगह ₹853 चुकाकर लेना होगा। यह बढ़ोतरी ऐसे समय में की गई है जब पहले ही रसोई गैस की कीमतें आम आदमी की जेब पर भारी पड़ रही थीं।

केंद्र सरकार के इस फैसले के बाद आम उपभोक्ता में चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि एक ओर सरकार महंगाई से राहत की बात करती है, दूसरी ओर हर महीने किसी न किसी चीज के दाम बढ़ा देती है।
लखनऊ में भी बढ़ी कीमतें
राजधानी लखनऊ में अभी तक 14.2 किलो का एलपीजी सिलेंडर ₹855.20 में मिल रहा था, जो अब बढ़कर ₹905.20 तक पहुंच सकता है। वहीं दिल्ली में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने प्रेस वार्ता कर इस मूल्यवृद्धि की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि एलपीजी की कीमतों की हर दो से तीन हफ्ते में समीक्षा की जाती है। इस बार मूल्य वृद्धि का उद्देश्य तेल कंपनियों को हुए नुकसान की भरपाई करना है।
कंपनियों को हुआ 43 हजार करोड़ का नुकसान
हरदीप पुरी ने कहा कि तेल विपणन कंपनियों को एलपीजी की आपूर्ति में 43,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। इसी घाटे को पूरा करने के लिए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा।
मंत्री ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि घरेलू उपयोग में आने वाले ईंधन की कीमतें नियंत्रण में रहें, लेकिन कभी-कभी अंतरराष्ट्रीय बाजार की मजबूरियों के कारण कीमतें बढ़ानी पड़ती हैं।
उज्जवला योजना के लाभार्थी भी प्रभावित
इस मूल्यवृद्धि से प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के लाभार्थियों को भी झटका लगा है। अब उन्हें ₹500 की जगह ₹550 में सिलेंडर मिलेगा। इस योजना के तहत गरीब परिवारों को गैस कनेक्शन दिया गया था ताकि वे धुएं से मुक्त रसोई का लाभ उठा सकें।
लेकिन लगातार बढ़ रही गैस कीमतें इस योजना की उपयोगिता पर सवाल खड़े कर रही हैं। कई परिवार पहले ही गैस भरवाने की बजाय फिर से लकड़ी और चूल्हे की ओर लौटने लगे हैं।
डिजिटल सेवा की मिली सहूलियत
केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि पहले के मुकाबले अब सिलेंडर बुक कराना आसान हो गया है। अब लोग घर बैठे ऐप, कॉल या SMS के ज़रिए आसानी से सिलेंडर बुक कर सकते हैं।
लेकिन सहूलियत के साथ महंगाई भी बढ़ी है। अब उपभोक्ता सुविधा तो पा रहे हैं, लेकिन इसके लिए उन्हें अपनी जेब भी ढीली करनी पड़ रही है।
कीमतों की होगी समीक्षा
सरकार ने संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में एलपीजी की कीमतों की फिर से समीक्षा की जाएगी। अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्थिति सुधरती है, तो उपभोक्ताओं को राहत दी जा सकती है। फिलहाल उपभोक्ताओं को नई दरों के हिसाब से ही गैस सिलेंडर खरीदने होंगे। आम जनता को उम्मीद है कि सरकार जल्द ही कोई राहत पैकेज लेकर आएगी।












Click it and Unblock the Notifications