Lok Sabha election 2024: 1 जून को पीएम मोदी की सीट वाराणसी पर वोटिंग, जानें कैसे थे पिछले दो चुनाव?
Varanasi Lok Sabha Election: देश की सबसे हाई प्रोफाइल चुनावी सीट वाराणसी में लोकसभा चुनाव 2024 के सातवें और अंतिम चरण में मतदान होने जा रहा है। वाराणसी समेत यूपी की 13 सीटों पर एक जून को मतदान होगा। जिसके बाद 4 जून को चुनाव के नतीजे जारी होंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार वाराणसी सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में जीत की हैट्रिक लगाने को बेताब भारतीय जनता पार्टी ने बनारस में पूरा दमखम दिखाया है। हालांकि इस बार भाजपा ने दावा किया है कि जीत पिछली दो विजय (2014 और 2019) से बड़ी होगी।

पूरी भाजपा इस कोशिश में जुटी है कि मोदी की जीत सबसे ज्यादा मार्जिन से हो। इसके लिए बनारस में 'अबकी बार 10 लाख पार' का नारा भी जमकर चल रहा है।
पीएम मोदी के खिलाफ छह उम्मीदवार
वाराणसी सीट पर पीएम मोदी के खिलाफ मैदान में छह उम्मीदवार हैं। सपा-कांग्रेस गठबंधन के तहत कांग्रेस ने इस सीट से अजय राय को अपना प्रत्याशी बनाया है। जबकि बसपा ने अतहर जमाल लारी को मैदान में उतारा हैं। इसके अलावा अन्य उम्मीदवारों में अपना दल (कमेरावादी) के गगन प्रकाश यादव, युग तुलसी पार्टी के कोली शेट्टी शिवकुमार और दो निर्दलीय - संजय कुमार तिवारी और दिनेश कुमार यादव हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार यूपी की वाराणसी लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में हैं। इससे पहले नरेंद्र मोदी ने दो बार यहां रिकॉर्ड मत से जीत हासिल की है। हालांकि पहली बार लोकसभा चुनाव 2014 में भाजपा के पीएम उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने वाले नरेंद्र मोदी ने वाराणसी और गुजरात की वडोदरा सीट यानी दो जगह से चुनाव लड़ा था, लेकिन एक सीट को छोड़कर वाराणसी अपने पास रखी।
वाराणसी लोकसभा चुनाव 2014 रिजल्ट
पिछले दो चुनावों में पीएम मोदी ने वाराणसी सीट से बड़े अंतर से जीत हासिल की थी। 2014 में नरेंद्र मोदी ने पहली बार वाराणसी से चुनाव लड़ा था और प्रधानमंत्री बने, तब उन्होंने आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल को 3.72 लाख वोट से हराया था।
वाराणसी लोकसभा चुनाव 2019 रिजल्ट
2019 में लगातार दूसरी बार वाराणसी सीट से चुनाव लड़ते हुए पीएम मोदी ने फिर एक बार इतिहास रचा। उन्होंने 4.75 लाख मतों के अंतर से चुनाव जीता। समाजवादी पार्टी की शालिनी यादव को 1,95,159 और कांग्रेस के अजय राय को 1,52,548 वोट मिले थे।












Click it and Unblock the Notifications