Lok Sabha election 2024: आज शाम से थम जाएगा चुनाव प्रचार, 13 सीटों पर इन नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर
Lok Sabha election 2024: लोकसभा चुनाव धीरे-धीरे अंतिम चरण के करीब पहुंच गया है। गुरुवार को सातवें चरण के लोकसभा चुनाव का प्रचार थम जाएगा। सातवें चरण में 1 जून को मतदान होगा। उत्तर प्रदेश की 13 लोकसभा सीटों पर सातवें चरण में मतदान होना है।
इन 13 लोक सभा सीटों पर कई दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। प्रधानमंत्री के साथ ही कुछ लोकसभा सीटों पर केंद्रीय मंत्री भी चुनाव मैदान में है। ऐसे में पूर्वांचल की कई लोकसभा सीटें काफी महत्वपूर्ण हैं।

पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से लेकर कार्यकर्ताओं तक सभी अपने प्रत्याशी को चुनाव जिताने के लिए लगातार प्रचार करते दिखाई दिए। एनडीए गठबंधन के साथ-साथ इंडिया गठबंधन के वरिष्ठ नेता भी चुनाव के अंतिम चरण में अपने प्रत्याशी को चुनाव जिताने के लिए काफी मेहनत और प्रचार करते नजर आए।
ऐसे में आईए जानते हैं सातवें और अंतिम चरण में उत्तर प्रदेश की जिन्हें 13 लोकसभा सीटों पर मतदान होना है उन लोकसभा सीटों पर क्या स्थिति है और कौन-कौन नेता चुनाव मैदान में आमने-सामने हैं। अंतिम चरण में सबसे महत्वपूर्ण सीट वाराणसी है।
वाराणसी लोकसभा सीट से भाजपा से खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार चुनाव मैदान में हैं। वहीं इंडिया गठबंधन द्वारा कांग्रेस के प्रत्याशी अजय राय और बहुजन समाज पार्टी द्वारा अतहर जमाल लारी तथा पीडीएम गठबंधन द्वारा गगन यादव को चुनाव मैदान में उतारा गया है।
गोरखपुर लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी द्वारा रवि किशन को चुनाव मैदान में उतारा गया है तो दूसरी तरफ इंडिया गठबंधन से सपा ने काजल निषाद को टिकट दिया है। इसके अलावा बहुजन समाज पार्टी द्वारा इस लोकसभा सीट पर जावेद अशरफ उर्फ जावेद सिमनानी को टिकट दिया गया है।
चंदौली लोकसभा सीट से भाजपा से केंद्रीय मंत्री डा. महेंद्र नाथ पांडेय चुनाव मैदान में हैं। महेंद्र नाथ पांडेय भी चंदौली लोकसभा सीट से लगातार तीसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं। उनके सामने समाजवादी पार्टी ने पूर्व मंत्री वीरेंद्र सिंह को टिकट दिया है जबकि बसपा ने सत्येंद्र मौर्य को चुनाव मैदान में उतारा है।
मिर्जापुर लोकसभा सीट से एनडीए गठबंधन के तहत अपना दल एस पार्टी से केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल चुनाव लड़ रही हैं। इस लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी द्वारा भाजपा के भदोही के सांसद डॉक्टर रमेश बिंद को चुनाव मैदान में उतारा गया है।
इस बार भारतीय जनता पार्टी द्वारा डॉक्टर रमेश बिंद को टिकट नहीं दिया गया था जिसके चलते उन्होंने भाजपा से किनारा कर लिया और मिर्जापुर से समाजवादी पार्टी से टिकट लेकर चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं बसपा ने मिर्जापुर से मनीष त्रिपाठी को टिकट दिया है।
घोसी लोकसभा सीट से एक तरफ एनडीए गठबंधन द्वारा सुभासपा से अरविंद राजभर मैदान में है तो दूसरी तरफ इंडिया गठबंधन ने इस लोकसभा सीट पर इस समाजवादी पार्टी के द्वारा राजीव राय को चुनाव मैदान में उतारा है। इसके अलावा बसपा से बालकृष्ण चौहान मैदान में हैं।
गाजीपुर लोकसभा सीट से इंडिया गठबंधन द्वारा सपा से अफजाल अंसारी, एनडीए गठबंधन द्वारा भाजपा से पारसनाथ राय और बहुजन समाज पार्टी से डॉक्टर उमेश कुमार सिंह चुनाव लड़े रहे हैं। बलिया लोकसभा सीट से भाजपा ने नीरज शेखर और इंडिया गठबंधन द्वारा सनातन पांडेय और बसपा से लल्लन सिंह यादव मैदान में हैं।
महाराजगंज लोकसभा सीट पर भाजपा ने पंकज चौधरी इंडिया गठबंधन से वीरेंद्र चौधरी और बसपा से मोहम्मद मौसमे आलम इसी तरह देवरिया लोकसभा सीट पर भाजपा ने शशांक मणि त्रिपाठी, बसपा ने संदेश यादव और इंडिया गठबंधन ने अखिलेश प्रताप सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है।
कुशीनगर लोकसभा सीट से भाजपा ने विजय कुमार दुबे बसपा ने शुभ नारायण चौहान इंडिया गठबंधन ने अजय प्रताप सिंह को टिकट दिया है। बांसगांव लोकसभा सीट से इंडिया गठबंधन ने सदल प्रसाद, भाजपा ने कमलेश पासवान और बसपा ने डॉक्टर रामसमुज को टिकट दिया है।
सलेमपुर लोकसभा सीट से इंडिया गठबंधन ने रमाशंकर राजभर, बीजेपी ने रविंद्र कुशवाहा, बसपा ने भीम राजभर और रॉबर्ट्सगंज लोकसभा सीट से इंडिया गठबंधन ने छोटेलाल खरवार बसपा ने धनेश्वर गौतम और एनडीए से अपना दल के टिकट पर रिंकी कोल चुनाव मैदान में हैं।












Click it and Unblock the Notifications