UP: जब हैंडपंप से निकलने लगी शराब, हत्था चलाते-चलाते पुलिस भी परेशान, हैरान कर देगा ये Viral Video
यूपी पुलिस लगातार नशे के खिलाफ अभियान चला रही है। आए दिन गांजे, चरस और अवैध शराब की बड़ी खेंपें पकड़ी जा रही हैं। इसी कड़ी में ललितपुर पुलिस ने जब अवैध शराब की सूचना मिलने पर छापा मारा तो पुलिस टीम के भी होश उड़ गए। यहां हैंडपंप से पानी की जगह शराब निकल रही थी।
दरअसल, यह पूरा मामला ललितपुर सदर कोतवाली के घटवार ग्राम के कबूतरा डेरा का है। यहां पुलिस को सूचना मिली कि कबूतरा जाति के लोगों द्वारा बड़े पैमाने पर कच्ची शराब का कारोबार किया जा रहा है। जिसके बाद पुलिस टीम और आबकारी विभाग की टीम छापा मारने पहुंची। चूंकि विगत दिनों में भी कई बार यहां छापा पड़ चुका था, इसलिए इस बार आरोपियों ने शराब को छुपाने का अनोखा तरीका निकाल लिया था।

टीम ने जब जांच की तो पता चला कि आरोपियों ने बेहद ही शातिराना अंदाज में जमीन के अंदर कच्ची शराब को छुपाया है और उसके ऊपर एक हैंडपंप लगा दिया है, जिससे वो शराब आसानी से निकाल सकें। बस फिर क्या था, अधिकारी हैंडपंप चलाते रहे और जमीन से शराब निकलती गई। इस दौरान टीम ने मौके से 220 लीटर कच्ची शराब बरामद की। वहीं दो लोगों को गिरफ्तार करने के साथ ही 2 हजार किलोग्राम लहान भी नष्ट कर दिया ।
पुलिस ने बताया कि कई बार छापेमारी और गिरफ़्तारी के बाद भी ये लोग कच्ची शराब बनाते हैं और उसे छुपाने के लिए नए-नए तरीके निकाल लेते हैं। अब शराब माफिया अवैध शराब को जमीन के अंदर छुपा रहे हैं। उधर, जमीन से शराब निकाले जाने का वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर जमकर शेयर किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications