VIDEO: रिश्वत देते-देते थक गया तो बनाया वीडियो और हो गया काम
पीड़ित द्वारा 3 हजार रुपए दे भी दिए गए और जल्दी काम करने का अनुरोध किया गया। पीड़ित 15 दिनों बाद पुनः अपना प्रमाणपत्र लेने गया तो लेखपाल ने प्रमाणपत्र तो दे दिया लेकिन उसने नाम और पता जानबूझकर गलत डाला।
मैनपुरी। मैनपुरी की सदर तहसील में एक लेखपाल पर रिश्वत लेने का आरोप लगा है। एक ही काम के लिए बार-बार रिश्वत देकर तंग आ चुके पीड़ित ने ही लेखपाल का वीडियो बना लिया। दरअसल मामला सदर तहसील में पड़ने वाले थाना औंछा क्षेत्र का है जहां गांव घनश्यामपुर में ग्रामीण योगेंद्र यादव अपने क्षेत्रीय लेखपाल महेंद्र पाल से आय व जाति प्रमाण पत्र बनवाने तहसील गया था, जिसे बनाने के बदले में लेखपाल ने 3 हजार रुपए की मांग की थी। पीड़ित द्वारा 3 हजार रुपए दे भी दिए गए और जल्दी काम करने का अनुरोध किया गया। जिसके बाद पीड़ित 15 दिनों बाद पुनः अपना प्रमाणपत्र लेने गया तो लेखपाल ने प्रमाणपत्र तो दे दिया लेकिन उसने नाम और पता जानबूझकर गलत अंकित कर दिया।

इस पर पीड़ित ने आपत्ति जताते हुए लेखपाल से गलती ठीक करने की बात कही। इस पर लेखपाल ने पुनः पीड़ित से दो हजार रुपए की मांग कर डाली। पीड़ित ने लेखपाल को एक हजार रुपए दिए जिसके बाद फिर कुछ दिनों बाद वो लेखपाल के पास आया और अपने संशोधित प्रमाणपत्रों की मांग की। इस पर लेखपाल ने बकाया एक हजार रुपए दिए जाने के बाद ही काम करने की बात कह डाली। मानसिक रूप से परेशान हो चुके पीड़ित योगेंद्र यादव ने बकाया एक हजार रुपए की रिश्वत देने का वीडियो अपने मोबाइल से बना लिया। वहीं जब मामले पर लेखपाल महेंद्र पाल से बात की गई तो उन्होंने पैसे लेने की बात को स्वीकारा और आगे पैसे ना लेने की बात कही।












Click it and Unblock the Notifications