'जूता देख रहे हो मेरा...', लेखपाल ने किसान से मांगी रिश्वत, वीडियो वायरल होने पर DM ने किया सस्पेंड
Etawah, Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के इटावा जनपद में एक लेखपाल द्वारा भूमि पैमाइश के लिए किसान से रिश्वत मांगे जाने का मामला सामने आया है। इस मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले की जानकारी होने के बाद जिलाधिकारी ने लेखपाल को निलंबित कर दिया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में दिखाई दे रहा है कि लेखपाल चारपाई पर बैठा है जबकि किसान और एक महिला चारपाई के नीचे बैठकर लेखपाल से बात कर रहे हैं। किसान लेखपाल के आगे हाथ जोड़ रहा है लेकिन लेखपाल उसे धमकाता नजर आ रहा है।

यह पूरा मामला इटावा जनपद के ताखा तहसील के कुदरैल गांव का है। बताया जा रहा है कि गांव के रहने वाले किसान राहुल शर्मा के जमीन के बगल में एक सरकारी जमीन है। सरकारी जमीन पर गांव के ही रहने वाले एक व्यक्ति ने अपना कब्जा जमा रखा है।
बताया जा रहा है कि उसे व्यक्ति द्वारा कब्जा किए जाने के बाद किसान राहुल शर्मा अपने खेत में नहीं जा पता है ऐसे में उसने अधिकारियों से शिकायत की थी। शिकायत के बाद लेखपाल गांव में जांच पड़ताल करने के लिए पहुंचा था।
लेखपाल अनूप दिवाकर गांव में पहुंचने के बाद राहुल शर्मा के घर गया और इस दौरान उसने राहुल शर्मा से रिश्वत की मांग की। रिश्वत मांगने के दौरान राहुल शर्मा द्वारा असमर्थता जाहिर की गई जिस पर लेखपाल कहता है कि जब पैसा नहीं है तो काम कैसे होगा।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दिखाई दे रहा है कि राहुल शर्मा हाथ जोड़कर कह रहा है कि सब पैसा होता तो अब तक दे चुका होता। इसी बात पर लेखपाल को गुस्सा आ जाता है और लेखपाल अपना पैर उठाकर कहता है कि जूता देख रहे हो मेरा।
इस मामले का वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो जिले में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि यह वीडियो काफी पहले का है लेकिन शुक्रवार को यह सामने आया। मामले में जिलाधिकारी अवनीश राय द्वारा तत्काल लेखपाल को निलंबित करते हुए मामले की जांच की बात कही गई।
मामले में जिलाधिकारी अवनीश राय द्वारा बताया गया कि प्राथमिक जांच में मामला सामने आने के बाद लेखपाल को सस्पेंड कर दिया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर लेखपाल के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications