जानिए, मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह की पांच साल में कितनी बढ़ी संपत्ति, पत्नी डॉ. नीता सिंह है ज्यादा अमीर
जानिए, मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह की पांच साल में कितनी बढ़ी संपत्ति, पत्नी डॉ. नीता सिंह है ज्यादा अमीर
लखनऊ, 04 फरवरी: योगी सरकार में मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने प्रयागराज पश्चिम विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। सिद्धार्थ नाथ सिंह ने गुरुवार 03 फरवरी को प्रयागराज पश्चिम विधानसभा से नामांकन पत्र जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी कार्यालय में दाखिल कर दिया। दाखिल किए गए अपने हलफनामे में मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने अपनी संपत्ति की जानकारी भी दी है। आइए जानते हैं कि पांच साल में योगी सरकार के मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह की कितनी संपत्ति बढ़ी है।

पांच साल में हुआ 6.20 लाख का इजाफा
मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह द्वारा नामांकन पत्र में दी गई जानकारी के मुताबिक, 'उनके पास 1.42 करोड़ रुपये और उनकी पत्नी के पास 2.80 करोड़ की संपत्ति है। जबकि बच्चों के पास 14.14 लाख रुपये की संपत्ति है।' 2017 के चुनाव में दाखिल नामांकन पत्र से तुलना करें तो सिद्धार्थनाथ सिंह की चल संपत्ति में 6,20,427 रुपए का इजाफा हुआ हैं। खास बात यह है कि मंत्री की डॉक्टर पत्नी नीता सिंह उनसे अधिक पैसे वाली हैं। मंत्री के ऊपर न कोई मुकदमा है और न कोई देनदारी है।

इतनी संपत्ति के मालिक है सिद्धार्थ नाथ सिंह
सिद्धार्थ नाथ सिंह की ओर से दाखिल शपथपत्र के अनुसार, उनके पास कुल 1,42,91,594 रुपये की चल संपत्ति है। उनके पास 45 हजार रुपये नकद हैं जबकि बैंकों के बचत, एफडी और पीपीएफ खातों में 95,66,141 रुपये और इक्विटी शेयर में 10,14,000 रुपये हैं। 8.60 लाख रुपये के जेवरात हैं। कुल 1,10,56,300 रुपये की पैतृक अचल संपत्ति है। चल-अचल संपत्ति मिलाकर कुल 2,53,47,894 रुपये है। पिछले चुनाव में सिद्धार्थनाथ सिंह के पास 1,36,71,167 रुपये चल और 1,05,61,477 रुपये की अचल कुल 2,42,32,644 की संपत्ति थी।
Recommended Video

सिद्धार्थ नाथ सिंह के पास इतने करोड़ की अचलसंपत्ति
चुनाव आयोग को दिए गए हलफनामे के मुताबिक, कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह के पास सीतापुर जिले बिसवां में कृषि भूमि भी मौजूद है। खुशहाल पर्वत प्रयागराज में और न्यू बैरहना में मकान और कुछ प्लॉट भी हैं, जिनकी कीमत उन्होंने 1.10 करोड़ रुपये बतायी है। वहीं पत्नी डॉ. नीता के नाम दिल्ली में तीन फ्लैट हैं। जबकि नोएडा और प्रयागराज में भी एक-एक फ्लैट हैं। इसके अलावा कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह की पत्नी के नाम कुछ प्लॉट भी हैं, जिनकी कुल कीमत 26.90 करोड़ रुपये है।

जानें शैक्षिक योग्यता
सिद्धार्थ नाथ सिंह ने अपनी शैक्षिक योग्यता को लेकर बताया है कि उन्होंने 1984 में दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक कला आनर्स की डिग्री हासिल की है. जबकि उनकी पत्नी चिकित्सक हैं. सिद्धार्थ नाथ ने खुद की 9,40,000 मूल्य की स्कार्पियों व 18,66,453 रुपये की हुंडई अल्काजार कार होने की बात कही है, जबकि पत्नी के नाम एक फोर्ड कार है। इसके अलावा सिद्धार्थ नाथ के पास एक डायमंड ब्रेसलेट और दो डायमंड रिंग भी है। जबकि पत्नी के पास 41.18 लाख रुपये के गहने होने की बात हलफनामे में बतायी गई है।

इस सीट से दूसरी बार लड़ रहे है चुनाव
भाजपा ने मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह को प्रयागराज पश्चिम से उम्मीदवार बनाया है। इस सीट से वह दूसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं। यहां यूपी चुनाव के पांचवे चरण में 27 फरवरी को वोटिंग होनी है। साल 2017 में सिद्धार्थनाथ सिंह ने समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार ऋचा सिंह को हराया था। सिद्धार्थनाथ सिंह पूर्व पीएम लाल बहादुर शास्त्री के नाती हैं। संगठन में कार्यकर्ता से उन्होंने यूपी में कैबिनेट मंत्री तक का सफर तय किया है।












Click it and Unblock the Notifications