यूपी के डिप्टी सीएम का बड़ा बयान - राम मंदिर के लिए लेकर आएंगे अलग कानून
वाराणसी। राम मंदिर निर्माण से जुड़े बयानों के बीच उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि राम मंदिर के लिए संसद में कानून पास कराएंगे। भगवान राम का भव्य मंदिर उसी जन्मभूमि पर बनेगा।
वाराणसी के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ अध्ययन केंद्र में आयोजित पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के दौरान मौर्य ने मंगलवार को यह बात कहीं। वे यहां बतौर मुख्य अतिथि शरीक होने पहुंचे थे। उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन भी किए।

'मंदिर के लिए दो विकल्पों से आगे भी जाएंगे'
मौर्य ने कहा, 'यह स्पष्ट है कि राम जन्म भूमि पर ही भगवान राम की भव्य मन्दिर बनेगा। अब ये न्यायालय के निर्देश से बने, समझौते से बने या कि ये दोनों विकल्प न हों तो संसद में कानून लाएंगे। कानून बनेगा, अयोध्या में भव्य मंदिर भी बनेगा।'
'पिछली से बड़ी होगी आगामी जीत'
चुनावों से जुड़े मुद्दे पर उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी 2019 में 2014 में मिले बहुमत से भी ज्यादा सीटें लाएगी। केंद्र में हमारी 2014 में जितने बड़े बहुमत से सरकार बनी थी, अगली बार उससे बड़े बहुमत से भी बनेगी। उन्होंने कहा कि ये बनेगी बाबा विश्वनाथ की कृपा से, पार्टी के कार्यकर्ताओं के परिश्रम से और जनता के आशीर्वाद से।''

'राहुल हैं झूठ बोलने की मशीन'
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए मौर्य ने उन्हें झूठ बोलने की आॅटोमेटिक मशीन तक कह दिया। मौर्य ने कहा कि जिनके मुख से कभी मशीन बनाकर सोना निकालने बातें आती हों, वे आजकल झूठ के आधार पर पीएम की कुर्सी निकालने की बात कर रहे हैं। लेकिन बाबा विश्वनाथ जी का आशीर्वाद पीएम मोदी पर है। इसलिए कमल खिलेगा।''

इशारों में काशी से खड़े किए मोदी
केशव प्रसाद मौर्य ने प्रधानमंत्री मोदी के आगामी चुनाव लड़ने से जुड़े कुछ संकेत भी इशारों में दिए। मौर्य ने कहा कि मोदी 2014 से बड़े अंतर से जीत कर काशी, प्रदेश और देश की सेवा करेंगे। अभी राहुल गांधी ये तय करें कि जो उनकी विरोधी टीम है, उसमें प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार कौन है।''

तोगड़िया पर भी बोले मौर्य
प्रवीण तोगड़िया के सरजू नदी पर आचमन के बाद पार्टी बनाये जाने की घोषणा पर मौर्य ने कहा कि पार्टियां आप भी बनाना चाहो तो बना सकते हो, लेकिन कमल खिल कर रहेगा।''












Click it and Unblock the Notifications