दर्दनाक: कौशांबी में ठेकेदार के बेटे का बेल्ट से घोटा गला, पेट्रोल छिड़कर जलाया चेहरा
इलाहाबाद। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में एक सनसनीखेज वारदात हुई है। यहां एक ठेकेदार के 14 साल के इकलौते बेटे की अपहरण के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई है। किशोर के गले को उसकी ही बेल्ट से घोट दिया गया था जबकि बेरहमों ने किशोर का चेहरा पेट्रोल डालकर जला दिया था। किशोर के शरीर पर चोटों के ढेरों निशान है, जो यह बताने के लिए काफी हैं कि मौत से पहले हत्यारों से वह खूब जूझा था, लेकिन अपनी जान नहीं बचा सका। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अब ठेकेदार से दुश्मनी रखने वालों की फाइल पलटी जा रही है।

क्या कह रहे परिजन
पुलिस के अनुसार कौशांबी के सरायअकिल थाना क्षेत्र में बरई गांव पड़ता है। यहां रहने वाले कृष्णकांत मिश्र जिला पंचायत में ठेकेदारी करते हैं। उनके 6 बच्चों में 5 बेटियां व इकलौता बेटा आनंद मोहन मिश्र था। घर में सबसे दुलारा आनंद इस बार इंटर में गया था। परिजनों के अनुसार आनंद एक फोन आने पर घर से बाहर गया था और फिर वापस नहीं लौटा। पूछताछ में पता चला है कि ग्रामीणों ने दो युवकों के साथ आनंद को बीच में बाइक पर बैठे देखा था।
सुबह मिली लाश
आनंद देर शाम तक घर नहीं आया तो परिजनों ने उसे फोन किया, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ हो चुका था। पूरी रात आनंद नहीं लौटा तो सुबह पिता ने सरायअकिल थाने में अपहरण की तहरीर दी। लेकिन, पुलिस ने बामुश्किल गुमशुदगी दर्ज की। अभी पुलिस सक्रिय होती उससे पहले ही गांव के बाहर सुबह नलकूप के पास आनंद की अधजली लाश मिली। आनंद के गले में बेल्ट बांधा था और चेहरे पर पेट्रोल डालकर जला दिया गया था, जबकि शरीर लहूलुहान था ।
मौके से शराब की बोतल और नमकीन
शव मिलने की सूचना पर रोते बिलखते परिजन घटना स्थल पर पहुंचे तो थोडी देर में घटना स्थल पुलिस भी पहुंच गई। मौके पर एसपी प्रदीप गुप्ता के साथ फील्ड यूनिट टीम व डॉग स्क्वायड टीम ने पडताल शुरू की तो थोडी दूर पर शराब की बोतल, नमकीन का पैकेट आदि भी बरामद हुआ। आशंका है वारदात से पहले यहां शराब पी गई होगी। फिलहाल पुलिस अब इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications