Kanwar Yatra 2025: सीएम योगी ने किया हवाई निरीक्षण, बोले- श्रद्धालुओं की सुरक्षा है सर्वोच्च प्राथमिकता
Kanwar Yatra 2025: सावन माह की कांवड़ यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बड़ा कदम उठाया। उन्होंने हेलीकॉप्टर से यात्रा मार्ग का हवाई सर्वेक्षण किया और अफसरों को चौकन्ना रहने के निर्देश दिए। सीएम ने साफ कहा श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है।
हवाई निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि कोई भी व्यक्ति यात्रा को अपवित्र करने की कोशिश करे तो उस पर तुरंत कड़ी कार्रवाई हो। आस्था का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने खासतौर पर खानपान की व्यवस्था को लेकर सख्ती दिखाई। उन्होंने कहा कि अगर किसी ने खाने-पीने की चीजों को जानबूझकर अशुद्ध किया तो उसके खिलाफ कठोरतम धाराओं में केस दर्ज हो। ऐसी घटनाएं रोकना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
सीएम योगी ने निर्देश दिए कि पूरे यात्रा मार्ग पर साफ-सफाई से कोई समझौता न हो। जगह-जगह शौचालय, साफ पानी और आराम स्थलों की मुकम्मल व्यवस्था होनी चाहिए। श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो।
विद्युत और प्रकाश व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया। उन्होंने कहा कि रात में भी श्रद्धालुओं की यात्रा आसान हो, इसके लिए पर्याप्त रौशनी होनी चाहिए। साथ ही मेडिकल सुविधाएं हर प्रमुख बिंदु पर उपलब्ध कराई जाएं।
सामाजिक संगठनों की मदद लेने की सलाह
मुख्यमंत्री ने अफसरों से कहा कि यात्रा को सफल बनाने में स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों का सहयोग लिया जाए। जगह-जगह पर छावनियां, पंडाल और भंडारे की व्यवस्था इन संगठनों की मदद से बेहतर हो सकती है।
सीएम ने यह भी जोड़ा कि श्रद्धालुओं पर फूलों की वर्षा की परंपरा को इस बार भी जारी रखा जाएगा। इस बात की संभावना है कि मुख्यमंत्री स्वयं 11 जुलाई के बाद हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा करेंगे, जैसा वे हर साल करते हैं।
हवाई निरीक्षण के बाद सीएम योगी बिजनौर जिले के नगीना क्षेत्र पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा नेता धर्मपाल सिंह की मां के निधन पर शोक जताया। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने मीडिया से कोई बातचीत नहीं की। अफसरों के मुताबिक, हिंडन से बिजनौर की हवाई यात्रा में उन्होंने यात्रा मार्ग पर की जा रही तैयारियों की विस्तार से जानकारी ली। संबंधित जिलों के प्रशासनिक अमले को अलर्ट मोड में रखा गया है।












Click it and Unblock the Notifications