बारात में नाचने को लेकर बरातियों और जनातियों में जमकर हुई मारपीट, वीडियो वायरल
कन्नौज। कन्नौज में बैंडबाजे पर नाच गाने को लेकर जनाती व बरातियों में विवाद के बाद जमकर मारपीट हुई। इस मारपीट में दोनों ओर से सात लोग घायल हुए। विवाद के बाद बरात बिना दुल्हन वापस लौट गई। इस मामले में हुई मारपीट का वीडियो वायरल हुआ है। बताया जा रहा है कि बारात में ज्यादातर लोग नशे में धुत थे जिसकी वजह से मामला इतना गंभीर हो गया।

कन्नौज में रविवार को ग्राम खबरामऊ में औरैया के ग्राम अकौड़ा से बरात देर शाम गांव पहुंची। यहां बरात के स्वागत के लिए इंतजाम किया गया। रात के समय नाश्ता होने के बाद जब अगवानी शुरू हुई तो नाचने को लेकर बरातियों व जनातियों के बीच विवाद हो गया। लोगों ने बीच बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया लेकिन अधिकांश लोग नशे में धुत थे। इस बीच दोनों पक्षों में मारपीट शुरू होने से मौके पर भगदड़ मच गई। इससे ग्रामीण बेहद आक्रोशित होकर मारपीट करने लगे। मारपीट में दुल्हन के दो भाई एवं बराती पक्ष से पांच लोग घायल हुए। इसके बाद मौके से बराती भाग निकले। मामला बिगड़ने के बाद दूल्हा भी चुपचाप वहां से निकल गया। दुल्हन पक्ष के लोग काफी देर तक उसकी तलाश करते रहे। ऐसे में शादी की रस्में पूरी नहीं हो सकीं। बरात बिना दुल्हन के वापस लौट गई। लेकिन इस मामले में पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने पर इस मामले में हुई मारपीट का वीडियो वायरल कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications