कैराना सांसद इकरा हसन हाउस अरेस्ट, सहारनपुर जाने से पुलिस ने क्यों रोका, मस्जिद विवाद में क्या है पूरा मामला?
Iqra Hasan House Arrest: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में कलेक्ट्रेट परिसर की मस्जिद को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। जिला न्यायालय द्वारा मस्जिद को अवैध घोषित किए जाने के आदेश को बरकरार रखने के बाद प्रशासन की कार्रवाई को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
इसी बीच कैराना से सपा सांसद इकरा हसन को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया। रात से ही उनके घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात है। इकरा हसन ने प्रशासन पर जनता की आवाज दबाने का आरोप लगाया है। आखिर पुलिस ने उन्हें घर से बाहर निकलने से क्यों रोका और पूरे मामले में क्या है प्रशासन की रणनीति?

अधिकारियों से मिलने सहारनपुर जाने की थी तैयारी
इकरा हसन ने कहा कि वह सहारनपुर जाकर अधिकारियों से मुलाकात करने और जनता की आवाज उठाने की तैयारी कर रही थीं। उनका आरोप है कि इसी दौरान पुलिस ने उन्हें हाउस अरेस्ट कर लिया। सांसद ने सवाल उठाया कि क्या जनता के मुद्दे पर अधिकारियों से मिलना अब अपराध हो गया है? उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि को रोककर जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उनके आवास के बाहर पुलिस की तैनाती जारी है।
मस्जिद विवाद पर इमरान मसूद ने की शांति की अपील
सहारनपुर सांसद इमरान मसूद ने कलेक्ट्रेट मस्जिद मामले में लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिला अदालत के आदेश का सम्मान किया जाना चाहिए और किसी भी तरह की अफवाह या भड़काऊ बयानबाजी से बचना चाहिए। इमरान मसूद ने कहा कि मामले का समाधान संवैधानिक और न्यायिक प्रक्रिया के जरिए ही होना चाहिए। उन्होंने संकेत दिया कि मस्जिद के मामले को लेकर हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया जाएगा।
ये भी पढे़ं: Khamenei Death: संसद में गूंजा खामेनेई का नाम, सांसद इकरा हसन ने कही ऐसी बात मोदी सरकार को लग सकती है मिर्ची
एमएलसी शाहनवाज खान पहुंचे जिलाधिकारी के आवास
कलेक्ट्रेट मस्जिद प्रकरण को लेकर एमएलसी शाहनवाज खान और कई पार्षद रात में ही जिलाधिकारी के आवास पहुंचे। शाहनवाज खान ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि कलेक्ट्रेट परिसर की मस्जिद में रात के समय ध्वस्तीकरण की कार्रवाई कराई जा रही है। इसके बाद उन्होंने जिलाधिकारी से मुलाकात की। एमएलसी ने अधिकारियों से हाई कोर्ट का रुख करने तक किसी भी तरह की कार्रवाई नहीं करने का आग्रह किया। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।
कलेक्ट्रेट के सभी गेट किए गए बंद
जिला न्यायालय द्वारा सिटी मजिस्ट्रेट के कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित मस्जिद को अवैध घोषित करने के आदेश को बरकरार रखने के बाद प्रशासन ने कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी है। कलेक्ट्रेट के सभी गेट बंद कर दिए गए हैं और किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। इसी बीच मस्जिद को रात में सील या ध्वस्त किए जाने की चर्चाएं भी सामने आईं। प्रशासन की कार्रवाई को लेकर इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
ये भी पढे़ं: Iqra Hasan: क्या सपा की ये खूबसूरत सांसद करने जा रही हैं कांग्रेस नेता से निकाह? MP ने खुद ही बताया सच?
हाउस अरेस्ट के पीछे क्या है प्रशासन की रणनीति?
इकरा हसन को हाउस अरेस्ट किए जाने के पीछे प्रशासन का मकसद कानून-व्यवस्था बनाए रखना माना जा रहा है। मस्जिद विवाद को लेकर राजनीतिक नेताओं और समर्थकों के सहारनपुर पहुंचने की संभावना के बीच पुलिस ने एहतियाती कदम उठाया है। प्रशासन किसी भी तरह के विरोध, भीड़ या तनाव की स्थिति से बचना चाहता है। वहीं इकरा हसन इसे जनता की आवाज उठाने से रोकने की कार्रवाई बता रही हैं। अब सबकी नजर आगे की कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई पर है।


Click it and Unblock the Notifications
