UP: मंत्री गुलाब देवी से मंच पर सवाल पूछने वाले पत्रकार को मिली जमानत, BJP नेता की शिकायत पर हुई थी गिरफ्तारी
संभल के एक पत्रकार संजय राणा को जमानत मिल गई है। उनकी गिरफ्तारी ऐसे वक्त में हुई, जब उन्होंने चंदौसी में एक कार्यक्रम के दौरान विकास कार्यों के वादों को लेकर मंत्री गुलाब देवी से मंच पर सवाल किए।

Journalist Sanjay Rana: उत्तर प्रदेश की मंत्री गुलाब देवी से मंच पर विकास कार्यों को लेकर सवाल पूछने वाले पत्रकार को जमानत मिल गई है। पूरा मामला 2 दिन पुराना है, जब माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी के संभल जिले के चंदौसी में एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकार संजय राणा ने उनसे कुछ सवाल पूछे थे। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। दावा किया जा रहा है कि मंत्री से सवाल पूछने के दो घंटे बाद ही पत्रकार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया था।
पत्रकार को कोर्ट से मिली जमानत
जानकारी के मुताबिक पुलिस ने पत्रकार संजय राणा को धारा-151 के तहत गिरफ्तार किया, जिसके बाद पत्रकार को चंदौसी उपजिला मजिस्ट्रेट की कोर्ट से जमानत मिल गई है। पुलिस के मुताबिक बीजेपी नेता ने अपनी शिकायत में संजय राणा पर दुर्व्यवहार और मारपीट करने का आरोप लगाया था। इधर, पत्रकार से मंत्री से सवाल पूछने के बाद हुई गिरफ्तारी पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने यूपी सरकार को जमकर घेरा।
जानिए आखिर हुआ क्या था?
दरअसल, हुआ यूं था कि पत्रकार संजय राणा ने गुलाब देवी से चुनाव के दौरान किए गए वादों को लेकर उनके कार्यक्रम में कई सवाल पूछे थे। पत्रकार ने पूछा कि उनके वादे अभी तक अधूरे हैं, किसी तरह का कोई विकास कार्य नहीं हुआ है, जिसके बाद मंत्री गुलाब देवी भड़क गई थीं। हालांकि इस पूरे मामले में खुद मंत्री गुलाब देवी ने इस बात से साफ इनकार किया कि पत्रकार की गिरफ्तारी का उनके पूछे गए सवाल से कोई संबंध नहीं है, बीजेपी नेता से विवाद के बाद गिरफ्तार किया गया है।
कांग्रेस ने साधा निशाना
इधर, कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने पत्रकार का सवाल पूछते हुए वीडियो ट्वीट करते हुए योगी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा कि यूपी के संभल में पत्रकार संजय राणा ने मंत्री गुलाब देवी से तीखे सवाल पूछे, जवाब में पहले FIR फिर गिरफ्तारी हो गई।












Click it and Unblock the Notifications