UP में 6 जून को होगा विधानमंडल का संयुक्त अधिवेशन, जानिए योगी ने क्यों बताया ऐतिहासिक
लखनऊ, 31 मई: उत्तर प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने 6 जून को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के आगमन पर आयेजित किये जा रहे यूपी विधान मण्डल के संयुक्त अधिवेशन को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सभी दलीय नेताओं से सहयोग के लिए अनुरोध किया। विधान भवन में आयोजित सर्वदलीय बैठक में नेता सदन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को विधान परिषद के सभापति कुँवर मान्वेन्द्र सिंह सहित सभी दलीय नेताओं ने राष्ट्रपति के आगमन पर आयोजित किये जा रहे विशेष संयुक्त उपवेशन के आयोजन में सहयोग देने का आश्वासन दिया।

यूपी के लिए 6 जून होगा ऐतिहासिक
इस मौके पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 6 जून की तिथि एक ऐतिहासिक दिन बनने जा रहा है। आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में उ0प्र0 विधानसभा की गरिमा बढ़ाने का है। 23 मई से आयोजित विधान सभा का सत्र इस बार अपने चर्चा परिचर्चा से देश दुनिया में नजीर पेश करेगा। उसी गरिमा और गौरव को बढ़ाने के लिए सर्वदलीय नेताओं की बैठक आहूत की गई है। मा0 मुख्यमंत्री श्री योगी ने कहा कि इस प्रकार की समृद्ध संसदीय व्यवस्था में संवाद और सकारात्मक चर्चा, परिचर्चा के माध्यम से लोकतंत्र मजबूत होता है। प्रसन्नता है कि कमोवेश सभी दलीय नेताओं का सकारात्मक सहयोग विधान सभा के सदन चलाने के लिए प्राप्त होता रहा है।

बैठक में सभी दलों के नेता रहे मौजूद
बैठक में समाजवादी पार्टी की तरफ से मनोज कुमार पाण्डेय, अपना दल (सोनेलाल) के नेता राम निवास वर्मा, राष्ट्रीय लोक दल के नेता की जगह अजय कुमार, भारतीय सुहेलदेव समाज पार्टी के नेता ओम प्रकाश राजभर, इंडियन निर्बल शोषित आम दल के नेता अनिल कुमार त्रिपाठी, नेता कांग्रेस की जगह वीरेन्द्र चौधरी, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के नेता रघुराज प्रतााप सिंह 'राजा भइया' बहुजन समाज पार्टी के नेता, उमाशंकर सिंह, ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किये। राष्ट्रपति द्वारा उ0प्र0 विधान मण्डल के संयुक्त उपवेशन को सम्बोधित करने के संदर्भ में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
सदन की कार्यवाही में सहयोग के लिए सुरेश खन्ना ने दिया धन्यवाद
संसदीय कार्यमंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने मुख्यमंत्री की भावना के साथ-साथ अपने को सम्बद्ध करते हुए सभी दलीय नेताओं से संयुक्त उपवेशन में शान्तिपूर्ण सहयोग करने की अपील की। इसके साथ ही विगत साढ़े पाँच वर्षों के अंतराल में दलीय नेताओं द्वारा विधान सभा की कार्यवाही के संचालन में सकारात्मक सहयोग देने के लिए धन्यवाद दिया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश विधानसभा, के प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे व विधान परिषद के प्रमुख सचिव सहित उत्तर प्रदेश विधान सभा के अधिकारी भी उपस्थित रहे।












Click it and Unblock the Notifications