Job In UP: मिलेगा प्लेसमेंट का अवसर, कैरियर में आएगी मजबूती, जल्द कर लें यह काम
Job News Uttar Pradesh: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों के कैरियर निर्माण और रोजगारोन्मुखी विकास की दिशा में एक नई पहल की गई है। विश्वविद्यालय में एच.यू.आर.एल.-एन.एस.डी.सी. स्किल डेवलपमेंट ट्रेनिंग प्रोग्राम के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत लगभग 400 विद्यार्थियों को उद्योग आधारित ट्रेनिंग प्रदान की जाएगी, जिसके उपरांत प्रत्येक प्रतिभागी को ₹8,000 का स्टाइपेंड मिलेगा। इस प्रकार कुल ₹32 लाख रुपये की राशि वितरित की जाएगी। ट्रेनिंग के बाद विद्यार्थियों को 70 प्रतिशत से अधिक प्लेसमेंट अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
यह कार्यक्रम हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (एच.यू.आर.एल.) तथा नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एन.एस.डी.सी.) के संयुक्त तत्वावधान में मैपिंग स्किल्स टेक्नोलॉजी प्रा. लि. द्वारा संचालित किया जा रहा है।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता तक सीमित नहीं है, बल्कि हम चाहते हैं कि हमारे विद्यार्थी उद्योग जगत की मांग के अनुरूप स्किल और अनुभव प्राप्त करें।आज के प्रतिस्पर्धी युग में केवल डिग्री पर्याप्त नहीं है - कम्युनिकेशन स्किल्स, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट और इंडस्ट्री एक्सपोज़र भी आवश्यक हैं।विश्वविद्यालय अपने विद्यार्थियों को बेहतर प्लेसमेंट के लिए हर संभव अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

निदेशक ,गाइडेंस एंड प्लेसमेंट सेल प्रो. अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि माननीय कुलपति प्रो. पूनम टंडन के प्रेरक नेतृत्व में यह ट्रेनिंग प्रोग्राम प्रारंभ किया जा रहा है। क्यू.आर. कोड जारी किए गए हैं , जिनके माध्यम से विद्यार्थी स्वयं को इस कार्यक्रम में ऑनलाइन रजिस्टर कर सकेंगे।आवेदन प्राप्त होने के बाद स्क्रीनिंग प्रक्रिया पूरी कर पात्र विद्यार्थियों को ट्रेनिंग में सम्मिलित किया जाएगा।उन्होंने कहा कि कुलपति के निर्देशानुसार विश्वविद्यालय के तीन विभाग - कॉमर्स, एम.बी.ए., और इलेक्ट्रॉनिक्स - को ट्रेनिंग सेंटर के रूप में चयनित किया गया है।इन विभागों में क्रमशः अकाउंट असिस्टेंट, रिटेल सेल्स एग्जीक्यूटिव, और एफ.टी.सी.ए.पी. (कंप्यूटिंग एवं परिधीय उपकरण तकनीशियन) के ट्रेनिंग सेशन संचालित होंगे।
प्रो. शुक्ला ने कहा कि -यह कार्यक्रम सीमित सीटों वाला है, इसलिए इच्छुक विद्यार्थी शीघ्र रजिस्ट्रेशन करें। इस पहल से विद्यार्थियों को न केवल स्किल डेवलपमेंट का अवसर मिलेगा, बल्कि उन्हें उद्योग जगत से सीधे जुड़ने और अपने कैरियर को सशक्त दिशा देने का अवसर भी प्राप्त होगा। इस कार्यक्रम के समन्वयक के रूप में श्री बसु अग्रहरि को स्पॉक (सिंगल पॉइंट ऑफ़ कांटैक्ट ) नियुक्त किया गया है, जो सभी ट्रेनिंग गतिविधियों की निगरानी और प्रशासनिक समन्वय का कार्य करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications