'जिन्ना विवाद' में ओवैसी भी कूदे, कांग्रेस को बताया विभाजन के लिए जिम्मेदार
नई दिल्ली, 12 नवंबर: हाल ही में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने मोहम्मद अली जिन्ना की तुलना महात्मा गांधी, जवाहर लाल नेहरू और सरदार पटेल से कर दी थी। जिसके बाद से इस मुद्दे पर बहस जारी है। अब इस मामले में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद उल मुसलमीन के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी भी कूद पड़े। उन्होंने कहा कि विभाजन मुसलमानों के कारण नहीं हुआ, बल्कि पाकिस्तान के संस्थापक जिन्ना के कारण हुआ। इसके अलावा उन्होंने कांग्रेस को भी विभाजन के लिए जिम्मेदार ठहराया।
Recommended Video

उत्तर प्रदेश के दौरे पर आए ओवैसी ने कहा कि मैं आरएसएस, बीजेपी और सपा के उन लोगों को चुनौती देता हूं, जो पढ़ते नहीं हैं। बंटवारा मुसलमानों के कारण नहीं जिन्ना के कारण हुआ। उस समय केवल वही मुसलमान वोट कर सकते थे जो प्रभावशाली, नवाब या डिग्रीधारक थे। कांग्रेस और उस समय के नेता विभाजन के लिए जिम्मेदार थे।
ओवैसी की टिप्पणी से पहले सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने इस मामले में टिप्पणी की थी। उन्होंने अपने सहयोगी अखिलेश का बचाव करते हुए कहा था कि अगर जिन्ना को देश का पहला प्रधानमंत्री बना दिया होता, तो देश का बंटवारा ना हुआ होता। इसके बाद वो मीडिया पर भड़क गए। उन्होंने कहा कि आप लोग महंगाई पर सवाल क्यों नहीं पूछते हैं। ये सब भारतीय जनता पार्टी की वजह से हो रहा है। भारतीय जनता पार्टी से हिंदू मुसलमान और भारत-पाकिस्तान हटा दीजिए तो उनकी जुबान बंद हो जाती है।
अखिलेश का था ये बयान
अखिलेश यादव ने कुछ दिनों पहले कहा था कि सरदार पटेल, महात्मा गांधी, जवाहर लाल नेहरू और जिन्ना ने एक ही संस्थान में पढ़ाई की। वे बैरिस्टर बन गए और भारत की आजादी के लिए लड़े। उन्होंने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि आज देश को जाति और धर्म के आधार पर बांटा जा रहा है, सरदार पटेल ही वो पहले शख्स थे, जिन्होंने बांटने वाली सोच आरएसएस पर प्रतिबंध लगाया था।












Click it and Unblock the Notifications