‘एक ऑलमोस्ट PM-दूसरा ऑलवेज CM’, जयंत चौधरी ने बिना नाम लिए राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर साधा निशाना
बीजेपी के सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल के मुखिया चौधरी जयंत ने एक चुनावी सभा में अखिलेश यादव पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने राहुल गांधी व अखिलेश यादव का नाम लिए बिना कहा कि एक खुद को हमेशा सीएम और दूसरा खुद को हमेशा पीएम समझता है। जयंत ने कहा कि वो हैं विपक्ष में लेकिन आज भी उनका गुरूर और व्यवहार है वो किसी सीएम की तरह है।
इससे पहले अखिलेश यादव ने जयंत चौधरी का बिना नाम लिए कहा था कि जो हमारे साथ आकर के रुपया बन गए थे, वो घोड़े की ढ़ाई चाल से किधर जाके गिरे किसी को नहीं पता। इस पर भी जयंत का बयान आया। जयंत ने कहा कि मेरी बातों का कितना वजन है ये बिजनौर के लोग तय करेंगे।

सपा और कांग्रेस गठबंधन पर हमला करते हुए जयंत ने कहा कि उनके पास किसानों के विकास की कोई नीति नहीं है। इंडी गठबंधन किसान और मजदूर विरोधी है। जयंत चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देकर जो सम्मान दिया है वह उसका कर्ज नहीं उतार पाएंगे।
उन्होंने कहा आज देश का किसान भाजपा के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। वह जानता है कि उसका हित भाजपा में ही सुरक्षित है। जयंत चौधरी सोमवार को चंदेना कोली गांव में भाजपा प्रत्याशी राघव लखनपाल शर्मा के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि रालोद के एनडीए गठबंधन में शामिल होने से देश के किसानों को सीधा लाभ होगा। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज गांव, खेत खलिहान और देश की आर्थिक व्यवस्था मजबूत होने लगी है। उन्होंने कहा कि लोग बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर को मानते हैं तो उनके दादा चौधरी चरण सिंह को भी उतना ही सम्मान देते हैं।












Click it and Unblock the Notifications