IPS Transfer: यूपी में चली तबादला एक्सप्रेस, 16 IPS अफसरों के तबादले, कई जिलों के SP बदले
UP IPS Transfer: उत्तर प्रदेश में तबादलों का सिलसिला तेज हो गया है। हाल ही में जहां 50 से अधिक आईएएस अधिकारियों के तबादले हुए, वहीं मंगलवार देर रात 16 आईपीएस अधिकारियों का भी स्थानांतरण किया गया। इसमें आठ जिलों के पुलिस कप्तानों को बदला गया है।
लखीमपुर खीरी के एसपी गणेश प्रसाद साहा को हटाकर आईपीएस संकल्प शर्मा को वहां की जिम्मेदारी दी गई है। मिर्जापुर के एसपी अभिनंदन को बस्ती का एसपी बनाया गया है। उनके खिलाफ केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के पति और योगी सरकार में मंत्री आशीष पटेल ने चुनाव हराने का आरोप लगाया था।

8 जिलों को मिले नए एसपी
मंगलवार रात जारी ट्रांसफर लिस्ट में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए। मिर्जापुर के एसपी अभिनंदन की जगह सोमेन वर्मा को नियुक्त किया गया है। इसी तरह अमरोहा के नए एसपी अमित आनंद होंगे। भदोही में अभिमन्यु मांगलिक, सुल्तानपुर में कुंवर अनुपम सिंह, और कन्नौज में विनोद कुमार को नया पुलिस कप्तान बनाया गया है।
भदोही की एसपी मिनाक्षी कात्यान को कानपुर में एसपी क्षेत्रीय अभिसूचना बनाया गया है। वहीं, बस्ती के एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी को लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में पुलिस उपायुक्त नियुक्त किया गया है।
लखीमपुर खीरी में विधायकों की नाराजगी
लखीमपुर खीरी के एसपी गणेश साहा का तबादला बीजेपी विधायकों की नाराजगी के बाद हुआ। जिले के आठ विधायकों ने प्रमुख सचिव गृह और मुख्यमंत्री से शिकायत की थी। उनका आरोप था कि एसपी फोन नहीं उठाते और जनता की समस्याओं पर ध्यान नहीं देते।
विधायकों का यह भी कहना था कि गणेश साहा माफिया से नजदीकियां रखते हैं। उनके कार्यकाल में बीजेपी विधायक योगेश वर्मा के साथ हुई घटनाओं में भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। नाराजगी के चलते उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उनका स्थानांतरण मैनपुरी कर दिया।
वरिष्ठ अधिकारियों का भी स्थानांतरण
तबादला सूची में पांच वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का भी नाम शामिल है। डीजी अभियोजन दीपेश जुनेजा को डीजी CBCID का अतिरिक्त चार्ज दिया गया। आईपीएस नचिकेता झा को डीजीपी ऑफिस से आईजी स्थापना, और शलभ माथुर को आईजी कार्मिक बनाया गया है। आईजी संजीव गुप्ता और डॉ. एन. रविंदर का भी तबादला कर दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications