Income Tax raid: आजम खान के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापे, BSP और SP ने क्या कहा?
Income tax raid on Azam Khan: यूपी के पूर्व कैबिनेट मंत्री और समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेता आजम खाने से जुड़े यूपी और एमपी में करीब 30 ठिकानों पर आयकर विभाग की टीम आज छापेमारी कर रही है। ये छापेमारी अल जौहर ट्रस्ट को लेकर हो रही है।
आयकर विभाग की इस कार्रवाई को लेकर जहां सपा सांसद राम गोपाल यादव ने आजम खान का बचाव किया है। वहीं, बसपा ने कहा है कि कार्रवाई में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच भेदभाव नहीं होना चाहिए।

ईमानदार इंसान हैं आजम खान: राम गोपाल यादव
मीडिया से बात करते हुए राम गोपाल यादव ने कहा, 'ऐसा लगता है कि दिल्ली में बैठे लोग घबराए हुए हैं, निराश हैं और इसीलिए ऐसे हथकंडे अपना रहे हैं। यूपी सरकार की तरफ से आजम खान के खिलाफ इससे पहले भी सैकड़ों झूठे मुकदमे लगाए गए। जहां तक आयकर विभाग की छापेमारी का सवाल है तो मुझे नहीं लगता कि आजम खान जैसे ईमानदार इंसान के घर पर ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए। उनके पास उनका अपना तो कुछ है ही नहीं, जो भी कुछ है, वो यूनिवर्सिटी से जुड़ा है और जनता का दिया हुआ है। अगर राजनीति में लोग इस हद तक गिरेंगे तो फिर किसी के लिए अच्छा नहीं होगा।'
'ऐसा भेदभाव नहीं होना चाहिए'
वहीं, बीएसपी के सांसद मलूक नागर ने भी कहा कि एजेंसियों को भेदभाव नहीं करना चाहिए। मलूक नागर ने कहा, 'संविधान के मुताबिक, अगर किसी भारतीय विभाग को कोई गड़बड़ी मिलती है, तो उन्हें संबंधित व्यक्ति के ऊपर एक्शन लेने का पूरा अधिकार है। साथ ही जिस व्यक्ति के ऊपर कार्रवाई हो रही है, उन्हें छापेमारी के वक्त जरूरी दस्तावेज भी दिखाने चाहिए। लेकिन, अगर कार्रवाई केवल विपक्ष के नेताओं के ऊपर हो रही है और सत्ता पक्ष के लोगों पर नहीं हो रही तो ऐसा भेदभाव नहीं होना चाहिए।'












Click it and Unblock the Notifications