पशुओं के अवैध वध और परिवहन को लेकर योगी सरकार की अधिकारियों को खास हिदायत
मुख्य सचिव राहुल भटनागर की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि प्रदेश में दुधारू पशुओं के अनाधिकृत परिवहन और अवैध वध की गतिविधियों पर पूर्णतः रोक लगाना यूपी सरकार की अहम प्राथमिकता है।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी अदित्यनाथ सरकार ने सत्ता संभालते ही अवैध बूचड़खानों पर लगाम का अहम फैसला लिया। जिसके बाद प्रदेश के अलग-अलग शहरों में इसको लेकर कार्रवाई का दौर शुरू हो गया। कई अवैध बूचड़खाने सील भी किए गए, अवैध मीट शॉप की दुकानें बंद करा दी गई। इस बीच योगी सरकार ने पशु तस्करी के संबंध में अपना पहला औपचारिक आदेश जारी किया। मुख्य सचिव राहुल भटनागर की ओर से सभी जिलाधिकारियों को इस संबंध आदेश जारी करके शत-प्रतिशत कार्रवाई की बात कही है।

योगी सरकार का खास निर्देश
मुख्य सचिव राहुल भटनागर की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि प्रदेश में दुधारू पशुओं के अनाधिकृत परिवहन और अवैध वध की गतिविधियों पर पूर्णतः रोक लगाना यूपी सरकार की अहम प्राथमिकता है। इसको लेकर सभी जिलाधिकारियों के साथ-साथ पुलिस प्रशासन को खास निर्देश दिए गए हैं।

इसमें दुधारू पशुओं के अवैध कटान और परिवहन पर लगाम को प्रभावी तौर पर लागू करने का निर्देश है। साथ ही पशु तस्करी की दृष्टि से बेहद संवेदनशील मार्गों, बॉर्डर पर कड़ी निगरानी की हिदायत दी गई है। जिलों में स्थित पशुवधशालाओं का अधिकृत अधिकारियों का नियमित रुप से निरीक्षण किया जाए, ये सुनिश्चित किया जाए की यहां पशुओं का अवैध कटान तो नहीं हो रहा है। ऐसी सूचना पर कठोर कार्यवाही सुनिश्चित किया जाए।

पशु तस्करों के बारे में विलेज क्राइम नोटबुक में अंकन किया जाए। प्रत्येक थाना क्षेत्र में नियमित रुप से लगने वाले पशु मेला का निरीक्षण कर विधिक प्राविधानों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। बता दें कि योगी आदित्यनाथ ने सीएम बनते ही कई अहम फैसले लिए। इसमें अवैध बूचड़खानों पर लगाम के अलावा एंटी रोमियो स्क्वैड, सरकारी दफ्तरों में पान, गुटखा पर बैन का फैसला लिया।


Click it and Unblock the Notifications
