सहारनपुर: शादी से तीन दिन पहले मंगेतर ने प्रेमी से कराई होने वाले पति की हत्या
एसएसपी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि आदिल का रिश्ता गांव कुंजाग्रांट की हिना से तय हो गया था और हिना के अफरोज से प्रेम संबंध थे।
सहारनपुर। तीन दिन बाद जिस युवक की शादी होनी थी, उस युवक के साथ सोमवार की सुबह ऐसा कुछ हुआ कि देखने वालों की रुह कांप गई। युवक की मंगेतर के प्रेमी ने प्रेमिका की शादी होने से नाराज होकर अपने दो अन्य रिश्तेदारों के साथ मिलकर युवक की पत्थरों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि युवती की तलाश की जा रही है।

आरोपी युवती की तलाश जारी
एसएसपी लव कुमार ने बताया कि 18 फरवरी को कस्बा मिर्जापुर के आदिल (20), पुत्र लियाकत का अपहरण हो गया था। परिजनों ने थाना मिर्जापुर में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। खुलासे के लिए थाना पुलिस के अलावा क्राइम ब्रांच को भी लगाया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने उत्तराखंड में देहरादून के थाना विकासनगर अंतर्गत ग्राम कुंजाग्रांट निवासी अफरोज पुत्र नईम, मारुफ पुत्र असगर व साकिर पुत्र नसीम को उठाकर पूछताछ की तो पूरे मामले से पर्दा उठ गया।
एसएसपी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि आदिल का रिश्ता गांव कुंजाग्रांट की हिना से तय हो गया था और हिना के अफरोज से प्रेम संबंध थे। हिना ने मंगेतर आदिल को रास्ते से हटाने के लिए आरोपी अफरोज और उसके मामा साकिर और मारुफ के साथ मिलकर योजना बनाई। पहले बहाने से आदिल को बुलवाकर ठेके पर शराब पिलाई गई और फिर गांव सफीपुर में ले जाकर सिर पर पत्थर मार और गला दबाकर आदिल की हत्या कर दी गई। पुलिस ने पकडे़ गये तीनों आरोपियो की निशानदेही पर शव बरामद कर लिया। आरोपी मंगेतर युवती की अभी गिरफ्तारी नहीं हो सकी।












Click it and Unblock the Notifications