BSP से निकाले जाने के बाद Imran Masood की तीखी प्रतिक्रिया, कहा- "निष्कासन का कारण बेहद ही तुच्छ"
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में कद्दावर नेता की छवि रखने वाले पूर्व विधायक इमरान मसूद द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तारीफ करने और कांग्रेस से नजदीकी बढ़ाने पर बसपा ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया है। बसपा सुप्रीमो पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के निर्देश पर बसपा जिला अध्यक्ष जनेश्वर प्रसाद ने प्रेस नोट जारी कर इमरान मसूद को पार्टी से निष्कासित किये जाने की जानकारी दी है।
"राहुल गांधी देश के हीरो हैं" - इमरान मसूद
दरअसल, हाल ही इमरान मसूद ने एक निजी चैनल से बातचीत करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की तारीफ कर दी थी। उन्होंने कहा था कि "राहुल गांधी देश के हीरो हैं, वह देश और अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति के बारे में सोचते हैं। राहुल गांधी बेखौफ होकर जनता के हित की बात करते हैं। सत्ता परिवर्तन जरूरी है, वर्तमान सरकार से संविधान को खतरा है।"

हर वर्ग और गरीब के हितैषी हैं राहुल गांधी - इमरान मसूद
उन्होंहे यह भी कहा कि "एक राहुल गांधी ही हैं, जो हर वर्ग और गरीब के हितैषी हैं। वर्तमान में अन्य पार्टियों के नेता वर्तमान सरकार की गलत नीतियों पर नहीं बोल रहे हैं। सिर्फ राहुल गांधी ही एक ऐसे नेता है, जो गलत नीतियों का विरोध कर रहे हैं।"
पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते हुआ निष्कासन
इसके बाद सहारनपुर जिला अध्यक्ष जनेश्वर प्रसाद ने एक प्रेस नोट जारी करते हुए कहा कि "इमरान मसूद को पार्टी में अनुशासनहीनता अपनाने और पार्टी विरोधी गतिविधि में लिप्त होने के कारण पार्टी से निष्काषित किया गया है। पार्टी हाई कमान के निर्देश पर यह निष्कासन हुआ है।"
"यह बहुत ही तुच्छ कारण है" - इमरान मसूद
उधर, बसपा से निष्कासित किए जाने के बाद से इमरान मसूद ने चुप्पी साध ली थी। उन्होंने कहा था कि "लोगों से सलाह लेने के बाद ही कोई फैसला लूंगा।" साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि "अगर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की तारीफ करने की वजह से यह निर्णय लिया गया है तो यह बहुत ही तुच्छ कारण है।"












Click it and Unblock the Notifications