पत्नी के चरित्र पर था शक, शौच जाने पर करता था निगरानी, कुल्हाड़ी से की हत्या
शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में एक सनकी पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या कर दी। घटना को अंजाम देकर आरोपी पति मौका-ए-वारदात से फरार हो गया, लेकिन गांव के लोगों ने आरोपी को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हत्या के पीछे पत्नी के चरित्र पर शक होना बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, शाहजहांपुर के खुटारा थाना क्षेत्र पूर्वी गड़ी गांव की है। यहां का रहने वाला मुकेश मजदूरी करके पत्नी और एक 6 साल के बेटे का पेट पालता था। ग्रामीणों की मानें तो मुकेश अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। जब मुकेश की पत्नी शौच के लिए खेतों पर जाती थी तो उसका पति भी उसके पीछे जाता था। मंगलवार की सुबह भी पति-पत्नी के बीच इस बात को लेकर विवाद भी हुआ था।

जिसके बाद मुकेश की पत्नी अपनी नन्द और बेटे के साथ खेत पर शौच करने के लिए चली गई। पीछे-पीछे पति भी साईकिल से पहुंच गया और अपनी पत्नी के ऊपर कुल्हाड़ी से एक के बाद एक कई वारकर निर्मम हत्या कर दी। घटना को देखकर नन्द मृतका के बेटे को लेकर गांव की तरफ भाग गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मुकेश भी मौका-ए-वारदात से फरार हो गया। घटना की सूचना गांव मे फैली तो ग्रामीणों ने आरोपी पति को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया था। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।
एसपी ग्रामिण सुभाष चंद्र शाक्य ने बताया कि पति ने पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी है। मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। ग्रामीणों और परिवार से पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications