Bareilly: देवर करता था अश्लील हरकतें, Dubai से शौहर ने फोन पर कहा- तलाक.. तलाक.. तलाक..
सरकार की तमाम कोशिशों के बावजूद तीन तलाक के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला सामने आया है यूपी के बरेली से, जहां दुबई में बैठे शौहर ने विवाहिता को फोन पर तीन तलाक बोल दिया। यही नहीं, बल्कि इसके बाद यहां ससुरालवालों ने उसे पीट-पीटकर घर से भी निकाल दिया। पीड़िता की तहरीर पुलिस ने पति समेत छह आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
10 लाख रुपये और कार की डिमांड
बता दें कि पीड़ित महिला ने बरेली किला थाने में तहरीर देते हुए जानकारी दी कि फरवरी 2022 में उसका निकाह नसीर अहमद के साथ हुआ था। उसके घरवालों ने अपनी हैसियत के मुताबिक जेवरात व अन्य सामान दिया, लेकिन ससुरालवाले इतने में खुश नहीं थे। निकाह के कुछ ही दिनों बाद उसका शौहर शोरूम खोलने के लिए 10 लाख रुपये और कार की मांग करने लगा।

देवर करता था अश्लील हरकतें
पीड़िता के अनुसार, पति और ससुरालवालों को उसने काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे। धीरे-धीरे उन्होंने आए दिन पीड़िता को मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना देना शुरू कर दिया। पीड़िता का यह भी आरोप है कि उसका देवर उस पर गलत नजर रखता था। अकेला पाकर उसने कई बार उससे अश्लील हरकतें कीं, लेकिन पीड़िता ने अपना घर बचाने के लिए सबकुछ बर्दाश्त किया।
फोन पर दिया तलाक
उधर, पीड़िता का शौहर नौकरी करने दुबई चला गया। जिसके बाद अगस्त 2023 में एक दिन अचानक उसके शौहर ने उसे कॉल किया और तीन तलाक बोलकर रिश्ता खत्म कर दिया। इसके बाद जब पीड़िता ने इसका विरोध किया तो सास-ससुर और दो ननदों ने उसके साथ मारपीट की और घसीट कर घर से बाहर निकाल दिया।
मारपीट के बाद मुकदमा दर्ज
इस घटना के बाद पीड़िता के मायकेवाले उसे घर ले गए। पीड़िता ने बताया कि इतना हो जाने के बावजूद उसके पिता और मामा ने ससुरालवालों का समझाने का भरपूर प्रयास किया, लेकिन कुछ समझना तो दूर उल्टा ससुरालियों ने उनके साथ गाली गलौज और मारपीट कर डाली। ससुरालवाले उसे किसी भी कीमत पर रखने को तैयार नहीं हुए। इसके बाद विवाहिता ने आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी। जिसके आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।












Click it and Unblock the Notifications