कन्नौज में आगरा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, मंत्री नंदी के बेटे और बहू घायल, PGI रेफर, मर्सिडीज क्षतिग्रस्त
Kannauj Agra Expressway Accident News: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में आगरा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार शाम हुए सड़क हादसे में यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी के बेटे और बहू घायल हो गए। इस दौरान उनकी मर्सिडीज़ कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
बताया जा रहा है कि उनकी कार आगरा एक्सप्रेसवे पर कन्नौज में डिवाइडर से टकरा गई। डिवाइडर से टकराने के बाद कार अनियंत्रित हो गई और एक्सप्रेस वे के किनारे लगे विद्युत पोल से टकराते हुए पलटी मार गई। हादसे में मंत्री के बेटे और बहू घायल हो गए।

दोनों को तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें दूसरी गाड़ी से लखनऊ भेज दिया गया। पीजीआई लखनऊ में दोनों का इलाज चल रहा है। अभी इसी महीने 11 जुलाई को ही कैबिनेट मंत्री नंदी के बेटे की शादी हुई थी।
आगरा से लखनऊ की तरफ जा रहे थे बेटे-बहू
बताया जा रहा है कि कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी के बेटे अभिषेक और उनकी बहू डॉक्टर कनिष्का मर्सिडीज़ कार से मंगलवार को आगरा की तरफ से लखनऊ की तरफ जा रहे थे। वे एक्सप्रेस वे पर तिर्वा थाना क्षेत्र के अंतर्गत किलोमीटर संख्या 194 पर पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकरा गई। कार डिवाइडर से टकराने के बाद आगे विद्युत पोल में टकराते हुए पलट गई। हादसे के बाद कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद यूपीडा के कर्मियों ने दोनों को तत्काल मेडिकल कॉलेज में पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टरों ने मंत्री के बेटे और बहू को पीजीआई लखनऊ इलाज के लिए रेफर कर दिया।
दूर जाकर गिरा कार का इंजन
हादसा इतना भीषण था कि डिवाइडर और विद्युत पोल से टकराने के बाद कार का इंजन निकल गया और हवा में उछलते हुए दूर जाकर गिरा। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद कार का एयर बैग खुल गया था जिसके चलते मंत्री के बेटे और बहू को गंभीर चोट नहीं आई।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला भी घटनास्थल पर पहुंचे। इसके अलावा सीओ डॉ प्रियंका बाजपेई, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य लोग भी घटनास्थल और मेडिकल कॉलेज पहुंच गए थे।
मेडिकल कॉलेज के सीएमएस ने मीडिया को बताया कि दोनों की हालत खतरे से बाहर है। सिर में चोट लगने के कारण दोनों को लखनऊ भेजा गया है। यह हादसा कैसे हुआ और हादसे के पीछे क्या वजह थी, इसकी जांच की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications