'कृष्ण' ने सही आंकी मंगलसूत्र की कीमत, ये डिलीवरी ब्वॉय है ईमानदारी की मिसाल
अपनी आर्थिक समस्या से परेशान कृष्ण कुमार चाहता तो उस मंगलसूत्र से अपनी कुछ जरूरत पूरी कर लेता। लेकिन खुद्दारी ने उसे गलत कदम नहीं उठाने दिया।
इलाहाबाद। इलाहाबाद के एक पेट्रोल पंप पर डिलीवरी ब्वाय ने ईमानदारी की मिसाल पेश की। एक महिला के गिरे मंगलसूत्र को बड़ी शिद्दत के साथ उन तक पहुंचाया। इसके लिए वो सीसीटीवी कैमरे से फुटेज तलाशने से लेकर सोशल मीडिया का सहारा लेता रहा और आखिरकार उसने सफलता पाई। अपना मंगलसूत्र वापस पाकर जहां महिला खुशी से अपने आंसू नहीं संभाल पा रही थी। वहीं डिलीवरी ब्वाय कृष्ण की ईमानदारी पर पूरा स्टाफ गर्व कर रहा है। पुलिस द्वारा युवक को सम्मानित करने की सिफारिश की गई है।

क्या है कहानी?
इलाहाबाद के म्यौहाल चौराहे पर हिंदुस्तान पेट्रोलियम का पेट्रोल पंप है। इसी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल देने वाले कृष्ण कुमार यादव ने एक सोने का मंगलसूत्र गिरा देखा, मंगलसूत्र काफी वजनी था यानि काफी महंगा था। ये बात कृष्ण कुमार को भी पता थी। अपनी आर्थिक समस्या से परेशान कृष्ण कुमार चाहता तो उस मंगलसूत्र से अपनी कुछ जरूरत पूरी कर लेता। लेकिन खुद्दारी ने उसे गलत कदम नहीं उठाने दिया। कृष्ण ने ठाना की वो किसी तरह ये मंगलसूत्र उसके मालिक तक पहुंचाएगा।

सीसीटीवी से हुई पहचान
कृष्ण ने पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरे से वो फुटेज तलाशनी शुरू की। जिससे मंगलसूत्र की असली मालकिन तक पहुंचा जा सके। इसके लिए पंप के अधिकारी ने भी कृष्ण की मदद की और वो फुटेज ढूंढ निकाली जिसमें एक महिला का मंगलसूत्र गिरता दिखा था। फिर क्या था सोशल मीडिया की मदद ली गई लेकिन सोशल मीडिया पर समय जादा खराब होने लगा। फिर गाड़ी नंबर से मालिक का पता लगाया गया और कंपनी के अधिकारियों के साथ कृष्ण पहुंच गया महिला के घर।

जब दरवाजे पर कृष्ण ने दी दस्तक...
सिविल लाइंस इलाके की रहने वाली मंगलसूत्र की मालकिन रितु त्रिपाठी ने जब दरवाजा खोला तो वो पहले तो कुछ समझ नहीं पाई। लेकिन जैसे ही वो जान सकी कि उनका मंगलसूत्र मिल गया है और ये लोग उसे लौटाने आए हैं तो रितु खुशी से झूम उठी। वो कृष्ण का धन्यवाद करते नहीं थक रही थी।












Click it and Unblock the Notifications