यूपी: एक बार फिर बढ़ी वरुण गांधी की मुश्किलें, भड़काऊ भाषण देने का मामला पहुंचा स्पेशल कोर्ट, मिली चेतावनी
इलाहाबाद। हिंदूवादी छवि वाले भाजपा सांसद वरुण गांधी की मुश्किलें एक बार फिर से बढ़ गई हैं। भड़काऊ भाषण देने के मामले में दोष मुक्त होने के बाद एक बार फिर से वही मामला एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट में सुनवाई के लिए पहुंच गया है। मामले में कोर्ट ने वरुण गांधी के हाजिर ना होने पर सख्त रुख अख्तियार किया तो अगली सुनवाई में हाजिर होने का प्रार्थना पत्र वरुण गांधी की ओर से दिया गया है। मामले में कोर्ट ने वरुण गांधी के प्रार्थना पत्र को स्वीकार कर लिया है और अगली सुनवाई पर हाजिर होने का निर्देश दिया है। अगर वरुण गांधी अगली सुनवाई पर हाजिर नहीं हुए तो उनके विरुद्ध गैर जमानती वारंट जारी किया जाएगा और उन्हें गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जाएगा।

क्या है मामला
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में 2007 चुनाव के दौरान भड़काऊ भाषण देने पर वरुण गांधी के विरुद्ध बरखेड़ा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। वरुण गांधी पर जन भावनाओं को भड़काने और माहौल खराब करने का आरोप था। इस मामले में पुलिस ने फाइनल रिपोर्ट दाखिल की और कोर्ट में ट्रायल के बाद 27 फरवरी 2013 को सीजेएम कोर्ट ने वरुण गांधी को दोषमुक्त कर दिया था। हालांकि तत्कालीन राज्य सरकार द्वारा दोष मुक्त किए जाने के आदेश के खिलाफ यह अपील की गई थी जो एक बार फिर चर्चा में चल रही है। यह मामला अब ट्रांसफर होकर इलाहाबाद स्थित स्पेशल कोर्ट में पहुंच चुका है।

मुकदमा ट्रांसफर करने से इनकार
स्पेशल कोर्ट में चल रहे इस मुकदमे की सुनवाई के दौरान वरुण गांधी तो हाजिर नहीं हुए, लेकिन उनके वकील द्वारा इस मुकदमे को पीलीभीत स्थानांतरित करने की अर्जी दी गई। हालांकि स्पेशल कोर्ट ने अर्जी को अस्वीकार कर दिया और साफ तौर पर कहा कि सांसद विधायकों के खिलाफ दर्ज मुकदमों के लिए ही यह स्पेशल कोर्ट गठित की गई है। ऐसे में उन से जुड़े हर मुकदमें यहीं पर सुने जाएंगे। मामले की सुनवाई स्पेशल कोर्ट के जज पवन कुमार तिवारी ने की।












Click it and Unblock the Notifications